महाराष्ट्रराज्य

महाराष्ट्र में भारी बारिश का कहर, मंत्री गिरीश महाजन की अपील- मॉनसून टूरिज्म से बचें, गैर-जरूरी बाहर न निकलें

मुंबई: महाराष्ट्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच राज्य के आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन ने लोगों से मॉनसून टूरिज्म और गैर-जरूरी यात्रा से बचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि खराब मौसम को देखते हुए नागरिक बिना जरूरी काम के घरों से बाहर न निकलें। साथ ही चेतावनी दी कि प्रशासन की आधिकारिक सलाह की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की जा सकती है।

भारी बारिश से सड़कें और रेल मार्ग प्रभावित

गिरीश महाजन ने कहा कि राज्य के कई हिस्सों में लगातार भारी बारिश हो रही है। कई सड़कें और रेलवे मार्ग बंद हैं, जबकि पुणे-मुंबई परिवहन कॉरिडोर भी प्रभावित हुआ है। हालात को देखते हुए कई स्थानों पर स्कूल बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि मुंबई में मंत्रालय में आपदा प्रबंधन को लेकर उच्चस्तरीय बैठक बुलाई गई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे पर्यटन या घूमने-फिरने के उद्देश्य से मुंबई या अन्य प्रभावित इलाकों का रुख न करें। सरकार जल्द ही हालात की समीक्षा के बाद आगे के फैसलों की घोषणा करेगी।

70 से 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवाएं

मंत्री ने कहा कि कई इलाकों में तेज हवाओं की रफ्तार 70 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच रही है, जिसके कारण मुंबई में पेड़ उखड़ने की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने लोगों से खुले स्थानों और जोखिम वाले क्षेत्रों में भीड़ लगाने से बचने की अपील की।

भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित, एनडीआरएफ राहत कार्य में जुटी

लगातार बारिश के कारण महाराष्ट्र के कई जिलों में जलभराव, भूस्खलन और परिवहन सेवाओं में बाधा जैसी समस्याएं पैदा हो गई हैं। हालात को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) ने राज्य के विभिन्न हिस्सों में राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया है।

वहीं भारतीय नौसेना ने भी कहा है कि लगातार खराब मौसम को देखते हुए वेस्टर्न नेवल कमांड को हाई अलर्ट पर रखा गया है। राज्य सरकार के अनुरोध पर नौसेना किसी भी आपात स्थिति में सहायता के लिए पूरी तरह तैयार है।

पुणे में पहाड़ी धंसने से घर मलबे में दबा

पुणे जिले की मावल तहसील के पाटन गांव में सोमवार सुबह करीब चार बजे पहाड़ी का एक हिस्सा ढह गया। इससे स्थानीय निवासी नंदू टिकोने का घर मलबे में दब गया। आशंका जताई गई कि परिवार के तीन सदस्य मलबे के नीचे फंस गए।

एनडीआरएफ की 30 सदस्यीय टीम मौके पर पहुंची और तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। अब तक एक शव बरामद किया जा चुका है, जबकि अन्य दो लोगों की तलाश लगातार जारी है।

बस में फंसे 37 यात्रियों को सुरक्षित निकाला

एनडीआरएफ की पांचवीं बटालियन की टीम ने पुणे जिले के मावल स्थित घोरावड़ी रेलवे स्टेशन के पास जलभराव में फंसी एक निजी बस से सभी 37 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। खराब मौसम के बावजूद राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है।

मुंबई समेत कई इलाकों में रेड अलर्ट

सोमवार और मंगलवार के लिए महाराष्ट्र के कई हिस्सों में भारी बारिश और तूफानी मौसम को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने बताया कि भारतीय मौसम विभाग ने मुंबई महानगर क्षेत्र के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, कई इलाकों में हवा की रफ्तार 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

Related Articles

Back to top button