अन्तर्राष्ट्रीय

चीन में बारिश-बाढ़ का भीषण कहर! 20 लोगों की मौत, भूस्खलन से मची तबाही, हजारों लोगों को सुरक्षित निकाला गया

बीजिंग: चीन के दक्षिणी और मध्य हिस्सों में पिछले दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश, तूफान और भूस्खलन ने व्यापक तबाही मचा दी है। मंगलवार तक इस आपदा में 20 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि सैकड़ों लोग घायल हुए हैं। हालात बिगड़ने के बाद हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने राहत और बचाव कार्यों में पूरी ताकत लगाने के निर्देश दिए हैं।

सरकारी मीडिया के अनुसार, टाइफून ‘मायसक’ के प्रभाव से गुआंग्शी प्रांत सबसे अधिक प्रभावित हुआ है। यहां भारी बारिश और बाढ़ के कारण कम से कम चार लोगों की मौत हुई है, जबकि आठ लोग अब भी लापता हैं। प्रशासन ने 50 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है।

बांध टूटा, राहत अभियान तेज

स्थानीय मीडिया द्वारा जारी सीसीटीवी फुटेज में गुआंग्शी के एक जलाशय के बांध की टूटी दीवार से कीचड़ भरा पानी तेज रफ्तार से बहता दिखाई दिया। राहत एवं बचाव दल लाइफ जैकेट पहनकर रबर की नावों के जरिए लापता लोगों की तलाश में जुटे हैं। वहीं, जिन लोगों के घर प्रभावित हुए हैं, उनके लिए अस्थायी राहत शिविर बनाए गए हैं।

सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें घुटनों तक पानी से भरे एक गांव में लोग तैरते हुए सांपों को पकड़ने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं। इस घटना से जुड़े हैशटैग को 18 करोड़ से अधिक बार देखा जा चुका है। स्थानीय गांव समिति प्रमुख वूजी ने बताया कि सोमवार सुबह एक सांप प्रजनन फार्म बह जाने के कारण 800 से 900 सांप आसपास के इलाकों में फैल गए।

हुबेई में तूफानी हवाओं से 11 लोगों की गई जान

हुबेई प्रांत में तेज आंधी और तूफानी हवाओं ने भारी नुकसान पहुंचाया है। यहां 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 331 लोग घायल हुए हैं और एक व्यक्ति अब भी लापता है। आपदा में करीब 4800 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, जिनमें 22 पूरी तरह ढह गए।

स्थानीय निवासी वांग ने बताया कि उनके जीजाजी झांग तेज हवाओं की चपेट में आकर घर से बाहर जा गिरे और बाद में अपार्टमेंट परिसर के बाहर बेहोशी की हालत में मिले। उन्होंने कहा कि कुछ ही क्षणों में घर का फर्नीचर, सोफा, कॉफी टेबल, डाइनिंग टेबल और कुर्सियां तक गायब हो गईं। ऐसा लग रहा था जैसे पूरी इमारत अंदर से खाली हो गई हो।

गांसु में भूस्खलन से पांच लोगों की मौत

उत्तर-पश्चिमी गांसु प्रांत के लोंगनान शहर के पास एक गांव में हुए भूस्खलन में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 लोग अब भी लापता हैं। राहत दल ने मलबे में फंसे 21 लोगों को बाहर निकाला, जिनमें से पांच की मौत हो चुकी थी। प्रांतीय सरकार ने पुनर्निर्माण कार्यों के लिए तीन करोड़ युआन यानी करीब 4.4 मिलियन डॉलर की राशि मंजूर की है।

बुधवार को भी भारी बारिश का अलर्ट

चीन के जल संसाधन मंत्री ली गुओयिंग ने कहा है कि गुआंग्शी के तटीय इलाकों और ग्वांगडोंग में बुधवार को भी भारी बारिश जारी रहने की संभावना है। उन्होंने बताया कि गुइगांग हाइड्रोलॉजिकल स्टेशन पर बाढ़ का जलस्तर चेतावनी स्तर से छह मीटर ऊपर पहुंच सकता है। लगातार हो रही बारिश और बढ़ते जलस्तर के कारण जलाशयों और तटबंधों की सुरक्षा प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गई है।

Related Articles

Back to top button