
आगरा। ग्रेटर आगरा परियोजना के साथ शहर में बड़े स्तर पर बुनियादी ढांचे का विस्तार होने जा रहा है। आने वाले चार से पांच वर्षों में नई दिल्ली से आगरा होते हुए वाराणसी तक हाईस्पीड ट्रेन का संचालन शुरू होने की संभावना है। इसके साथ ही रेलवे और मेट्रो नेटवर्क के विस्तार की कई अहम योजनाएं भी तेजी से आगे बढ़ रही हैं, जिससे आगरा और आसपास के क्षेत्रों में विकास की रफ्तार तेज होने की उम्मीद है।
एत्मादपुर मदरा में बनेगा हाईस्पीड ट्रेन स्टेशन
नई दिल्ली से वाराणसी तक प्रस्तावित हाईस्पीड ट्रेन परियोजना के तहत आगरा में तहसील सदर के एत्मादपुर मदरा क्षेत्र के पास नया स्टेशन बनाया जाएगा। इस परियोजना की घोषणा केंद्रीय रेल बजट में पहले ही की जा चुकी है।
प्रस्तावित रूट के अनुसार हाईस्पीड ट्रेन सराय काले खां, नोएडा जेवर एयरपोर्ट, मथुरा, आगरा, लखनऊ होते हुए वाराणसी तक संचालित होगी। वर्ष 2021-22 में इस परियोजना का सर्वे भी किया जा चुका है।
अधिकारियों का मानना है कि हाईस्पीड ट्रेन शुरू होने से आगरा और आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी और बड़े पैमाने पर शहरी विकास को गति मिलेगी।
स्टेशन को जोड़ने के लिए बनेंगे नए रोड नेटवर्क
हाईस्पीड ट्रेन स्टेशन को शहर और राष्ट्रीय राजमार्गों से जोड़ने के लिए कई नई सड़क परियोजनाएं भी प्रस्तावित हैं। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा लगभग सात किलोमीटर लंबे इनर रिंग रोड का निर्माण प्रस्तावित किया गया है।
करीब 300 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना का प्रस्ताव फिलहाल मुख्यालय स्तर पर लंबित है। रिंग रोड बनने से नेशनल हाईवे-19 पर एत्मादपुर तहसील के सामने लगने वाले जाम से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
टूंडला से यमुना ब्रिज तक बिछेंगी दो नई रेल लाइनें
रेलवे भी आगरा क्षेत्र में अपने नेटवर्क का बड़ा विस्तार करने जा रहा है। टूंडला से यमुना ब्रिज के बीच दो नई रेल लाइनें बिछाने की योजना तैयार की गई है। इनमें से एक लाइन मुख्य रूप से मालगाड़ियों के संचालन के लिए इस्तेमाल होगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार जरूरत के अनुसार इन लाइनों पर लूप लाइन भी बनाई जाएंगी। इसके साथ ही इस रूट पर दो से तीन नए स्टेशन विकसित किए जाने की योजना है। परियोजना के लिए भूमि चिन्हित करने की प्रक्रिया जल्द शुरू होने की संभावना है।
अधिकारियों का कहना है कि नई रेल लाइनों के निर्माण से यातायात दबाव कम होगा और औद्योगिक व व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
कुबेरपुर तक पहुंचेगी आगरा मेट्रो
उप्र मेट्रो रेल कॉरपोरेशन भी आगरा मेट्रो के दूसरे कॉरिडोर के विस्तार की तैयारी में जुटा है। योजना के तहत कालिंदी विहार स्टेशन से कुबेरपुर तक मेट्रो ट्रैक बिछाया जाएगा।
बताया जा रहा है कि मार्च 2027 तक कालिंदी विहार तक मेट्रो संचालन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि अगले चार से पांच वर्षों में मेट्रो विस्तार को कुबेरपुर तक ले जाने की तैयारी है।
जल्द लखनऊ में होगी अहम बैठक
इन सभी परियोजनाओं को लेकर जल्द ही लखनऊ में उच्चस्तरीय बैठक होने वाली है। इसमें रेलवे, यूपीएमआरसी और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल होंगे। माना जा रहा है कि बैठक में परियोजनाओं की समयसीमा और क्रियान्वयन को लेकर महत्वपूर्ण फैसले लिए जा सकते हैं।



