देहरादून: उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने मंगलवार को सचिवालय में आयोजित सचिव समिति की बैठक में विभिन्न विभागों को कई अहम निर्देश जारी किए। उन्होंने उपनल कर्मियों के साथ अनुबंध, कर्मचारियों के प्रमोशन, एसीआर प्रक्रिया और लाभार्थी योजनाओं में सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी (सीबीडीसी) के विस्तार को लेकर तय समयसीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उपनल कर्मियों के कॉन्ट्रैक्ट पर 3 दिन की सख्त समयसीमा
मुख्य सचिव ने उपनल कर्मियों और विभागों के बीच होने वाले अनुबंध के मामले में गंभीरता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभागाध्यक्ष अगले तीन दिनों के भीतर अपने विभाग के अंतर्गत कार्यरत उपनल कर्मियों के साथ अनुबंध की प्रक्रिया पूरी कराएं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समयसीमा के भीतर अनुबंध नहीं किए गए तो संबंधित विभागाध्यक्ष को प्रतिकूल प्रविष्टि दी जाएगी।
प्रमोशन और एसीआर प्रक्रिया समय पर पूरी करने के निर्देश
बैठक में मुख्य सचिव ने विभागों को कर्मचारियों के प्रमोशन और वार्षिक गोपनीय आख्या (एसीआर) से जुड़े सभी कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रमोशन से संबंधित पूर्व में जारी शासनादेश का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि 30 जून 2027 तक प्रमोशन के पात्र कर्मचारियों के लिए पदोन्नति प्रक्रिया अगले एक महीने के भीतर शुरू की जाए। साथ ही सभी विभाग अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की एसीआर समयबद्ध तरीके से पूरी करें। एसीआर बैच क्रिएशन का कार्य तत्काल पूरा कर आगे की प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा के भीतर संपन्न करने के भी निर्देश दिए गए।
सीबीडीसी योजना का होगा विस्तार
मुख्य सचिव ने कृषि विभाग में लागू की गई सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी (सीबीडीसी) योजना को उद्यान विभाग और कृषि विभाग की अन्य योजनाओं में भी लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने इसके लिए समयसीमा तय करने और लाभार्थी केंद्रित योजनाओं से जुड़े सभी विभागों में इसे लागू किए जाने की संभावनाएं तलाशने को कहा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लाभार्थी केंद्रित योजनाओं से संबंधित विभागों के साथ सीबीडीसी योजना पर कार्यशाला आयोजित कर इसके प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएं।
बैठक में वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
सचिव समिति की बैठक में प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु और एल. फैनई, विशेष प्रमुख सचिव अमित कुमार सिन्हा, सचिव शैलेश बगौली, नितेश कुमार झा, दिलीप जावलकर, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, चंद्रेश कुमार यादव, श्रीधर बाबू अद्दांकी, डॉ. आर. राजेश कुमार, एस. एन. पाण्डेय, ज्योति यादव, विनोद कुमार सुमन, रणवीर सिंह चौहान तथा आयुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।




