दिल्ली में महिला से मांगी 200 करोड़ की रंगदारी, गोल्डी बराड़ के नाम पर धमकी; विदेशी नंबर से आया WhatsApp कॉल

नई दिल्ली: दिल्ली के पॉश सिविल लाइंस इलाके में रहने वाली 50 वर्षीय महिला से 200 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। महिला को कथित तौर पर विदेशी नंबर से WhatsApp कॉल कर गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के नाम से धमकाया गया। कॉल करने वाले ने महिला और उनके पति को जान से मारने की धमकी दी। दिल्ली में सामने आई रंगदारी की घटनाओं में इसे अब तक की सबसे बड़ी रकम बताया जा रहा है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक महिला की सिविल लाइंस में पुश्तैनी संपत्ति है। 7 सितंबर की रात करीब 10:44 बजे उन्हें एक विदेशी नंबर से WhatsApp कॉल आया था। कॉल करने वाले ने खुद को गोल्डी बराड़ बताते हुए दावा किया कि उसके पास महिला के परिवार से जुड़ी पूरी जानकारी है। इसके बाद 200 करोड़ रुपये की मांग की गई और रकम नहीं देने पर महिला तथा उनके पति को जान से मारने की धमकी दी गई।
दूसरी धमकी मिलने पर पुलिस में शिकायत
शुरुआत में महिला ने धमकी भरे कॉल को नजरअंदाज कर दिया। लेकिन बाद में जब उन्हें एक और धमकी भरा कॉल आया तो उन्होंने सिविल लाइंस थाने पहुंचकर पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद 10 सितंबर को भारतीय न्याय संहिता यानी बीएनएस की धाराओं 351(4), 308(4) और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया।
जिला पुलिस के साथ दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल भी मामले की जांच में जुटी है। पुलिस कॉल करने वाले की पहचान करने के साथ ही धमकी के पीछे की वजह का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
गोल्डी बराड़ ने ही धमकाया या किसी और ने लिया नाम?
पुलिस इस मामले की कई पहलुओं से जांच कर रही है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि धमकी वास्तव में गैंगस्टर गोल्डी बराड़ की ओर से दी गई थी या किसी अन्य व्यक्ति ने निजी या संपत्ति विवाद के चलते उसके नाम का इस्तेमाल कर महिला को डराने की कोशिश की।
पुलिस कॉल से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है, ताकि कॉल करने वाले की पहचान और धमकी के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके।



