मध्य प्रदेशराज्य

इंदौर में 100 करोड़ की सरकारी जमीन से हटा कब्जा, 95 अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर; 6 गिरफ्तार

इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर में कान्ह नदी के किनारे प्रशासन ने बड़ी अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई की है। राष्ट्रीय हरित अधिकरण के आदेश पर करीब दो एकड़ सरकारी जमीन को कब्जामुक्त कराया गया। प्रशासन के मुताबिक इस जमीन की बाजार कीमत करीब 100 करोड़ रुपये है। कार्रवाई के दौरान करीब 95 अवैध निर्माण ढहाए गए। विरोध और कार्रवाई में बाधा डालने के आरोप में कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया, जबकि छह लोगों को गिरफ्तार किया गया।

दुकानों और 50 से ज्यादा फैक्ट्रियों पर कार्रवाई

प्रशासन के मुताबिक कान्ह नदी के किनारे अवैध रूप से बनी दुकानों और 50 से अधिक फैक्ट्रियों को कार्रवाई के दायरे में लिया गया। बुलडोजर की मदद से इन सभी अवैध निर्माणों को जमींदोज कर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि शहर में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

दो एकड़ सरकारी जमीन पर था कब्जा

अतिक्रमण हटाने के बाद अधिकारियों ने बताया कि करीब दो एकड़ सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा किया गया था। बाजार मूल्य के आधार पर इसकी कीमत लगभग 100 करोड़ रुपये आंकी गई है। प्रशासन के अनुसार राष्ट्रीय हरित अधिकरण के आदेश के तहत नदी के किनारे 30 मीटर के दायरे में बने अवैध निर्माणों को हटाया गया है।

एसडीएम घनश्याम धनगर ने बताया कि कान्ह नदी के किनारे हुए अतिक्रमण के कारण नदी के प्राकृतिक बहाव में रुकावट आ रही थी। इसी वजह से राष्ट्रीय हरित अधिकरण ने कार्रवाई के निर्देश दिए थे। प्रशासन ने आदेश का पालन करते हुए नदी किनारे के सभी अवैध निर्माण हटा दिए और सरकारी जमीन को अपने कब्जे में ले लिया।

नदी किनारे का इलाका होगा विकसित

प्रशासन का कहना है कि अतिक्रमण हटाए जाने के बाद कान्ह नदी के किनारों को व्यवस्थित किया जाएगा। इसके साथ ही आसपास के क्षेत्र को बेहतर और सुंदर बनाने की योजना पर भी काम किया जाएगा।

कार्रवाई के दौरान हुआ हंगामा, 6 गिरफ्तार

अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा तो वहां लोगों की भीड़ जुट गई। कार्रवाई का विरोध करते हुए कुछ लोगों ने सरकारी काम में बाधा डालने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई होने की भी जानकारी सामने आई।

एसीपी विजय चौधरी के मुताबिक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में बाधा डालने, शांति भंग करने और अन्य आरोपों में करीब 15 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इनमें से छह लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

Related Articles

Back to top button