मेरठ में कुत्तों के झुंड ने बुजुर्ग पर हमला कर मार डाला, पोते के सामने दादा के शरीर को कुत्तों ने खाया
खेत पर पहुंचते ही ईशांत की चीख निकल गई। उसके सामने कुत्तों का झुंड दादा लख्मी को नोचकर खा रहा था।
Meerut News: मेरठ के थाना जानी क्षेत्र के गांव किठौली में बुजुर्ग लख्मी के ऊपर खेत पर ईख बांधने के दौरान कुत्तों के झुंड ने हमला कर मार डाला। उनको देखने खेत में पहुंचे पोते ईशांत के उस समय होश उड़ गए जब दादा के शरीर को कुत्ते फाड़कर खा रहे थे। शोर मचाने पर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने लाठी-डंडे से कुत्तों को भगाया।
गुस्साएं ग्रामीणों ने शव नहीं उठने दिया
जानी थाना क्षेत्र के गांव किठौली में शिवरात्रि के दिन कुत्तों के झुंड ने पोते के सामने दादा लख्मी को नोच-नोचकर खा लिया। बुजुर्ग लख्मी खेत में ईख बांधने के लिए गए थे। घटना के बाद गुस्साएं ग्रामीणों ने शव नहीं उठने दिया। किठौली निवासी किसान लख्मी सुबह करीब आठ बजे खेत में ईख बांधने के लिए गए थे। जब वो दोपहर दो बजे तक घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। लख्मी का पोता ईशांत अपने दादा को देखने खेत पर पहुंचा।
ईशांत के उड़ गए होश निकली चींख
खेत पर पहुंचते ही ईशांत की चीख निकल गई। उसके सामने कुत्तों का झुंड दादा लख्मी को नोचकर खा रहा था। ईशांत चीखते-चिल्लाते हुए गांव की तरफ दौड़ा और रास्ते में मिले ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन और ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर खेत पर पहुंचे और कुत्तों को भगाया। खेत में लख्मी के शव जो मंजर देखा, वह रूह कंपा देने वाला था। कुत्ते लख्मी के शरीर का मांस नोच-नोचकर खा चुके थे।
महिलाओं पर भी हमला कर चुके हैं कुत्ते
घटना की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। गुस्साएं ग्रामीणों ने शव को नहीं उठने दिया। ग्रामीणों के अनुसार पिछले एक माह में कुत्ते कई महिलाओं पर हमला कर घायल कर चुके हैं। कुछ माह पहले कुत्तों के हमले में छह साल के बच्चे की मौत हो गई थी। कई बार प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत कर हिंसक कुत्तों को पकड़ने की मांग की गई। लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वन विभाग को घटना की जानकारी दी है। जिससे कि लावारिस कुत्तों को पकड़ने की योजना बनाई जा सके।



