मध्य प्रदेशराज्य

सामाजिक न्याय मंत्री पटेल द्वारा दिव्यांग महिला सशक्तिकरण परियोजना का शुभारंभ

भोपाल : सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण मंत्री प्रेमसिंह पटेल ने बड़वानी जिले के सेंधवा में दिव्यांग महिला सशक्तिकरण एवं महिला-पुरूष समानता के लिये जन-जागरण परियोजना का शुभारंभ किया। पटेल ने संत अगस्टिन सोशल सर्विस सोसायटी द्वारा शुरू किये गये इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि संस्था सरकार के सहयोग से दिव्यांग महिलाओं और बालिकाओं के सशक्तिकरण के लिये उत्तम कार्य करेगी।

मंत्री पटेल ने कहा कि जिले के पाटी और पानसेमल विकासखण्ड की 84 ग्राम पंचायतों में परियोजना का शुभारंभ किया गया है। महिला सशक्तिकरण और विकास के लिये शासन द्वारा विभिन्न योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। जानकारी के अभाव में सामान्य और दिव्यांग महिलाएँ अभी भी योजनाओं का भरपूर लाभ नहीं उठा पा रही हैं। संस्था आगे बढ़ कर महिलाओं को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करे। परियोजना में दिव्यांग महिलाओं-बालिकाओं का सशक्तिकरण, जागृति, उनकी प्रशासन और संसाधनों तक पहुँच सुनिश्चित करना, महिला हिंसा की रोकथाम और महिला-पुरुष समानता आदि कार्य किये जायेंगे।

विकास यात्रा के दौरान मंत्री पटेल ने ग्राम उमेदड़ा और रातड़ियामाल में चौपाल, पशु हौज, पानी की टंकी, सामुदायिक शौचालय का भूमि-पूजन करने के साथ कपिलधारा योजना में बने कूपों का लोकार्पण किया। पशुपालन मंत्री पटेल ने ग्राम काजलमाता में अमृत सरोवर तालाब का लोकार्पण किया। साथ ही उप स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण कर वहाँ उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।

Related Articles

Back to top button