उत्तराखंड

केदारनाथ यात्रा का शुभारंभ: कपाट खोलने की प्रक्रिया 18 अप्रैल से शुरू, 22 अप्रैल को बाबा केदार के दर्शन

रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम की यात्रा को लेकर आस्था और उत्साह चरम पर है। पांचवें ज्योतिर्लिंग बाबा केदारनाथ के कपाट खोलने की प्रक्रिया शनिवार, 18 अप्रैल से विधि-विधान के साथ शुरू हो जाएगी, जबकि 22 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए धाम के कपाट खोल दिए जाएंगे।

ओंकारेश्वर मंदिर से होगी धार्मिक प्रक्रिया की शुरुआत

श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अनुसार कपाट खोलने की परंपरागत प्रक्रिया ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर से शुरू होगी। 18 अप्रैल की शाम सात बजे केदारपुरी के रक्षक बाबा भुकुंट भैरव की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके बाद बाबा केदार की सायंकालीन आरती संपन्न होगी।

19 अप्रैल को निकलेगी पंचमुखी उत्सव डोली

19 अप्रैल को पूजा-अर्चना के बाद बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली ओंकारेश्वर मंदिर से केदारनाथ धाम के लिए रवाना होगी। यात्रा के पहले दिन डोली फाटा में रात्रि विश्राम करेगी।

तीन दिन में धाम पहुंचेगी डोली

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 20 अप्रैल को डोली गौरीकुंड स्थित गौरामाई मंदिर पहुंचेगी। इसके बाद 21 अप्रैल को बाबा केदार की डोली केदारनाथ धाम पहुंचेगी, जहां कपाट खोलने की अंतिम तैयारियां पूरी की जाएंगी।

22 अप्रैल को खुलेंगे कपाट, सुबह 8 बजे होंगे दर्शन

22 अप्रैल की सुबह आठ बजे बाबा केदारनाथ अपने धाम में विधिवत विराजमान होंगे और इसी के साथ श्रद्धालुओं के लिए दर्शन शुरू हो जाएंगे। इस वर्ष एमटी गंगाधर लिंग धाम के मुख्य पुजारी की भूमिका निभाएंगे।

श्रद्धालुओं में उत्साह, प्रशासन ने बढ़ाई तैयारियां

कपाट खुलने की तिथि नजदीक आते ही श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। प्रशासन और मंदिर समिति यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।

Related Articles

Back to top button