उत्तर प्रदेशराज्य

गोरखपुर में प्रेम विवाह की जिद ने मचाया हंगामा, पानी की टंकी पर चढ़ी युवती; घंटों ड्रामा के बाद मंदिर में कराई गई शादी

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से एक हाई-वोल्टेज ड्रामा सामने आया, जहां परिवार द्वारा तय किए गए रिश्ते से नाराज एक युवती ने अपने प्रेमी से शादी की मांग को लेकर पानी की ऊंची टंकी पर चढ़कर विरोध जताया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस और प्रशासन की टीम ने घंटों मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतारा, जिसके बाद दोनों परिवारों की सहमति से शाम होते-होते प्रेमी युगल की मंदिर में शादी करा दी गई।

परिवार ने तय किया था दूसरा रिश्ता, चार दिन बाद होनी थी शादी

मामला बेलीपार थाना क्षेत्र का है, जहां युवती के परिवार ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी थी और घर में तैयारियां भी चल रही थीं। जानकारी के मुताबिक, शादी की तारीख महज चार दिन बाद थी। युवती ने अपने प्रेमी से शादी की इच्छा जताई, लेकिन परिवार ने इससे साफ इनकार कर दिया। इसी बात से नाराज होकर युवती ने विरोध का यह तरीका अपनाया।

टंकी पर चढ़कर दी खुदकुशी की चेतावनी

परिजनों के फैसले से आहत युवती घर से निकलकर पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ गई और वहां से ऐलान किया कि अगर उसकी शादी उसके प्रेमी से नहीं कराई गई तो वह जान दे देगी। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ लग गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

पुलिस ने समझाकर उतारा नीचे, प्रेमी को बुलाया गया

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और धैर्यपूर्वक बातचीत कर युवती को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चले समझाइश के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। इसके बाद पुलिस ने युवती के परिजनों और उसके प्रेमी को बुलाकर बातचीत कराई।

दोनों बालिग निकले, पंचायत में बनी सहमति

जांच में पता चला कि युवती और उसका प्रेमी दोनों बालिग हैं। इसके बाद ग्राम प्रधान की पहल पर दोनों परिवारों के बीच समझौता कराया गया। काफी बातचीत के बाद दोनों पक्ष प्रेम विवाह के लिए राजी हो गए।

शाम होते-होते मंदिर में रचाई शादी

सहमति बनने के बाद शाम को ही स्थानीय मंदिर में दोनों की शादी संपन्न कराई गई। पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में पूरे मामले को शांतिपूर्ण तरीके से निपटाया गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, युवती को सुरक्षित बचा लिया गया और दोनों परिवारों के बीच विवाद भी सुलझा लिया गया।

झंगहा में भी सामने आ चुका है ऐसा ही मामला

गोरखपुर के ही झंगहा थाना क्षेत्र में कुछ समय पहले इसी तरह का मामला सामने आया था, जहां एक किशोरी अपने प्रेमी से शादी की जिद में पानी की टंकी पर चढ़ गई थी। उस मामले में प्रेमी मौके पर पहुंचा और शादी का भरोसा देकर उसे नीचे उतारा। हालांकि किशोरी नाबालिग होने के कारण पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया था। आरोप था कि युवक ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया था।

Related Articles

Back to top button