मेरठ पब्लिक स्कूल मेन विंग में अलंकरण समारोह: 12 वीं सीबीएसई में छात्राओं ने मारी बाजी
मेरठ पब्लिक स्कूल मेन विंग में 13 मई 2026 को ‘अलंकरण समारोह’ (Investiture Ceremony) का अत्यंत गौरवमयी आयोजन
मेरठ। शिक्षा केवल किताबी ज्ञान का नाम नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण और नेतृत्व की वह मशाल है जो भविष्य के अंधकार को मिटाती है। इसी ध्येय को चरितार्थ करते हुए मेरठ पब्लिक स्कूल मेन विंग में 13 मई 2026 को ‘अलंकरण समारोह’ (Investiture Ceremony) का अत्यंत गौरवमयी आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर अनुशासन की गूंज और भावी कर्णधारों के संकल्प से ओतप्रोत नजर आया।
अतिथियों का स्वागत जीवन के स्पंदन स्वरूप नन्हें पौधों को भेंट करके किया
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मेरठ मंडल डॉ. विजय कुमार सिंह (IAS), डॉ. उमंग अरोड़ा (बाल रोग विशेषज्ञ), डॉ. सीमा त्यागी , निदेशक विक्रमजीत सिंह शास्त्री तथा कर्नल ज्ञान सिंह तोमर , डायरेक्टर एकेडेमिक्स एंड सिस्टम्स, एमपीएस ग्रुप द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। मां सरस्वती के समक्ष प्रज्ज्वलित इस ज्योति ने विद्यार्थियों के मन में ज्ञान, सेवा और संस्कारों की नई ऊर्जा का संचार किया। अतिथियों का स्वागत जीवन के स्पंदन स्वरूप नन्हें पौधों को भेंट करके किया गया।
विद्यालय बैंड की ओजपूर्ण धुनों एवं गांधी, नेहरू, शास्त्री और टैगोर सदनों के विद्यार्थियों के मार्च-पास्ट ने पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति और अनुशासन के रंग में रंग दिया। विद्यार्थियों के सधे हुए कदमों और आत्मविश्वास से भरे व्यक्तित्व ने सभी अतिथियों को प्रभावित किया।
विद्यालय में छात्र परिषद के चयन हेतु बहुस्तरीय प्रक्रिया अपनाई
विद्यालय में छात्र परिषद के चयन हेतु बहुस्तरीय प्रक्रिया अपनाई जाती है। इसकी शुरुआत औपचारिक आवेदन से होती है, जिसके बाद विद्यार्थियों को अपने विचार, नेतृत्व क्षमता एवं दृष्टिकोण की सार्वजनिक प्रस्तुति देनी होती है। लोकतांत्रिक चयन प्रक्रिया का अनुसरण करते हुए विद्यार्थियों के वोट द्वारा चयनित विद्यार्थियों को उनकी योग्यता एवं नेतृत्व क्षमता के आधार पर विभिन्न दायित्व सौंपे जाते हैं। विद्यार्थियों का मूल्यांकन अनुशासन, शैक्षणिक प्रदर्शन, आत्मविश्वास, उत्तरदायित्व एवं टीमवर्क जैसे विभिन्न मानकों पर किया जाता है।
इस साल से प्रतिष्ठित कुसुम शास्त्री पुरस्कार
समारोह के दौरान विद्यालय की संस्कारमयी परंपरा की प्रतीक कुसुम शास्त्री के नाम पर स्थापित प्रतिष्ठित “कुसुम शास्त्री पुरस्कार” इस वर्ष कक्षा 12 के मेधावी छात्र उदय पाराशर को प्रदान किया गया। यह सम्मान शैक्षणिक उत्कृष्टता, नैतिक मूल्यों एवं बहुआयामी प्रतिभा का प्रतीक है।
विद्यालयी पत्रिका The Post का विमोचन
इसी अवसर पर विद्यालय की वार्षिक पत्रिका ‘The Post’ का भी विमोचन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों की रचनात्मक अभिव्यक्तियाँ, उपलब्धियाँ और विद्यालय की विकास यात्रा को संकलित किया गया है।
प्रधानाचार्या डॉ. अलका श्रीवास्तव गौड़ ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि नेतृत्व केवल पद नहीं, बल्कि उत्तरदायित्व का पर्याय है। उन्होंने विद्यार्थियों को एक ग्लोबल सिटीजन बनने के साथ अपनी संस्कृति और मूल्यों से जुड़े रहने का संदेश दिया।
विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत ‘नया कदम, नई सोच’ नाटिका ने उपस्थित सभी अतिथियों एवं अभिभावकों को भावविभोर कर दिया।
जिलाधिकारी ने की स्कूली छात्रों की सराहना
मुख्य अतिथि जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह (IAS) ने विद्यालय के अनुशासित वातावरण एवं शैक्षिक उत्कृष्टता की सराहना करते हुए कहा कि मेरठ पब्लिक स्कूल केवल मेधावी छात्र ही नहीं, बल्कि श्रेष्ठ नागरिक भी तैयार कर रहा है।

एमपीजीएस का 12 वीं का रिजल्ट रहा शानदार
एमपीजीएस का 12 वीं का रिजल्ट काफी शानदार रहा। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा घोषित कक्षा 12वीं के परीक्षा परिणाम में मेरठ के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। इस वर्ष जिले की मेरिट सूची में विज्ञान और मानविकी (ह्यूमैनिटीज) वर्ग का दबदबा रहा। एमपीजीएस शास्त्रीनगर की सोनाली त्रिपाठी ने कथक में पूरे 100 अंक प्राप्त कर स्कूल का नाम रोशन कर दिया है।
बोले स्कल के निदेशक
विद्यालय निदेशक विक्रमजीत सिंह शास्त्री ने कहा कि अलंकरण समारोह विद्यार्थियों की नेतृत्व क्षमता और भावी जीवन की संभावनाओं को विस्तार देगा। उन्होंने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मेरे पब्लिक स्कूल समूह विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु निरंतर प्रयासरत रहेगा।



