
नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके के माता-पिता ने दावा किया है कि उनके बेटे पर भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने का दबाव बनाया गया था। परिवार का आरोप है कि ऐसा नहीं करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। उनका कहना है कि सुरक्षा कारणों से उन्हें कुछ समय के लिए अपना घर छोड़कर रिश्तेदार के यहां रहना पड़ा।
एक मराठी समाचार चैनल से बातचीत में अभिजीत दीपके की मां अनीता दीपके ने बताया कि व्यंग्यात्मक राजनीतिक अभियान शुरू होने के बाद उनके बेटे ने परिवार को एक धमकी भरे वीडियो के बारे में जानकारी दी थी। उनके अनुसार, वीडियो में अभिजीत से भाजपा में शामिल होने के लिए कहा गया था और इनकार करने पर उसके माता-पिता को निशाना बनाने की चेतावनी दी गई थी।
अनीता दीपके ने बताया कि शुरुआत में अभिजीत ने उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं दी थी। बाद में उसने पूरी बात बताई और सुरक्षा कारणों से वीडियो देखने से भी मना किया। साथ ही उसने माता-पिता से कुछ दिनों के लिए घर छोड़कर सुरक्षित स्थान पर रहने का आग्रह किया।
16 दिन रिश्तेदार के घर रहे माता-पिता
अनीता दीपके के मुताबिक, अभिजीत ने कहा था कि वह खुद ऐसी धमकियों से नहीं डरता, लेकिन उसे अपने माता-पिता की सुरक्षा की चिंता है। इसके बाद वह और उनके पति भगवान दीपके कोंकण क्षेत्र में अपने एक रिश्तेदार के घर चले गए, जहां वे करीब 16 दिनों तक रहे।
उन्होंने बताया कि उस समय अभिजीत घर से बाहर था और उनके पति का ब्लड प्रेशर भी कम रहता है। इसी वजह से परिवार ने एहतियात के तौर पर कुछ समय के लिए घर छोड़ने का फैसला किया।
आंदोलन के बाद लौटे गृह नगर
यह बयान ऐसे समय सामने आया है, जब अभिजीत दीपके दिल्ली में विभिन्न परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ 36 दिनों तक चले आंदोलन का नेतृत्व करने के बाद अपने गृह नगर छत्रपति संभाजीनगर लौटे हैं। परिवार का दावा है कि इस आंदोलन के बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दिया।
पिता बोले- सार्वजनिक जीवन में आलोचना सामान्य
अभिजीत दीपके के पिता भगवान दीपके ने कहा कि सार्वजनिक और सामाजिक जीवन में सक्रिय लोगों की आलोचना होना सामान्य बात है। उनके अनुसार, कुछ लोग बिना पूरी जानकारी के अपनी राय बना लेते हैं, जबकि कई लोग तथ्यों को समझने के बाद प्रतिक्रिया देते हैं।
मां ने सुनाया बचपन का दिलचस्प किस्सा
बातचीत के दौरान अनीता दीपके ने बेटे के बचपन का एक प्रसंग भी साझा किया। उन्होंने बताया कि अभिजीत अपने पिता से काफी डरता था। एक बार घर की पाइपलाइन की मरम्मत के दौरान पानी भर जाने पर उसे लगा कि पिता नाराज होंगे। इसी डर से वह कुछ कपड़े लेकर तय समय से पहले ही घर से निकल गया। बाद में पाइपलाइन की मरम्मत पूरी हो गई, लेकिन उन्होंने करीब छह महीने तक इस घटना की जानकारी अपने पति को नहीं दी।



