
रायपुर: छत्तीसगढ़ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का असर अब जमीनी स्तर पर दिखाई देने लगा है। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के गौरेला विकासखंड स्थित पंडरीपानी गांव की रहने वाली सरिता बैगा का परिवार इसका उदाहरण बनकर सामने आया है। प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना और महतारी वंदन योजना के लाभ से परिवार को न सिर्फ पक्का घर मिला, बल्कि आर्थिक मजबूती और सम्मानजनक जीवन की नई शुरुआत भी हुई है।
बरसात में कच्चा घर बन जाता था परेशानी का कारण
सरिता बैगा का परिवार पहले एक कच्चे मकान में रहता था। बारिश के मौसम में खपरैल की छत से पानी टपकता था और दीवारों में नमी भर जाती थी। हर साल छत की मरम्मत और खपरैल बदलने पर अतिरिक्त खर्च करना पड़ता था। छोटे बच्चों के साथ सुरक्षित रहना भी परिवार के लिए बड़ी चुनौती बना रहता था।
पीएम जनमन आवास योजना से मिला पक्का घर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत सरिता बैगा के परिवार को प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना का लाभ मिला। ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग के समन्वित प्रयासों से उन्हें समय पर पक्का आवास उपलब्ध कराया गया। अब परिवार मजबूत, सुरक्षित और सुविधायुक्त घर में रह रहा है।
बढ़ा आत्मविश्वास, बच्चों को मिला सुरक्षित माहौल
नए घर ने केवल रहने की व्यवस्था ही नहीं बदली, बल्कि पूरे परिवार में सुरक्षा और आत्मविश्वास की भावना भी मजबूत की है। अब बारिश का मौसम चिंता का कारण नहीं बनता। बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर और सुरक्षित वातावरण मिला है, जबकि परिवार सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत कर रहा है।
महतारी वंदन योजना से मिला आर्थिक संबल
सरिता बैगा को राज्य सरकार की महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने आर्थिक सहायता भी मिल रही है। इस राशि से परिवार की दैनिक जरूरतें, बच्चों की आवश्यकताएं और घरेलू खर्च पूरे करने में मदद मिल रही है। इससे परिवार की आर्थिक स्थिति में सुधार आया है और आत्मनिर्भरता की दिशा में भी सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है।
सरिता बोलीं- सपनों का घर अब हकीकत बन गया
सरिता बैगा का कहना है कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उनका परिवार भी पक्के मकान में रहेगा। आज सरकारी योजनाओं की बदौलत उनका यह सपना पूरा हो गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने उनके परिवार को सुरक्षित आवास, आर्थिक सहयोग और बेहतर भविष्य का भरोसा दिया है।
ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं का दिख रहा असर
ग्राम पंडरीपानी में प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में ग्रामीण विकास विभाग, जनपद पंचायत गौरेला, ग्राम पंचायत और संबंधित मैदानी अमले की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से योजनाओं के क्रियान्वयन का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंच रहा है, जिससे विशेष पिछड़ी जनजातियों सहित ग्रामीण परिवारों के जीवन स्तर में सुधार देखने को मिल रहा है।



