जेपीएससी-जेएसएससी आंदोलन के बीच बिगड़ी छात्र की तबीयत, अनशन कर रहे राहुल को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया

रांची: झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी को लेकर जारी छात्र आंदोलन के बीच बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठे छात्र राहुल की अचानक तबीयत बिगड़ गई। स्वास्थ्य खराब होने पर उन्हें एंबुलेंस की मदद से रांची के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि उनका ब्लड प्रेशर और पल्स सामान्य स्तर से काफी नीचे चली गई थी।
14 दिन से जारी आंदोलन के बीच बिगड़ी हालत
जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में पिछले 14 दिनों से छात्र लगातार धरना-प्रदर्शन और अनशन कर रहे हैं। इस आंदोलन में देवेंद्र महतो प्रमुख चेहरों में शामिल हैं, जबकि उनके साथ कई अन्य छात्र भी आमरण अनशन पर बैठे हुए हैं। इसी दौरान पलामू निवासी राहुल की तबीयत अचानक खराब हो गई और उनकी हालत बिगड़ने पर तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
ब्लड प्रेशर और पल्स गिरने पर अस्पताल में भर्ती
जानकारी के अनुसार अनशन के दौरान राहुल का वजन लगातार कम हो रहा था। शुक्रवार को उनका ब्लड प्रेशर और पल्स दोनों तेजी से नीचे चले गए, जिसके बाद उन्हें एंबुलेंस से रांची के सदर अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
रिफॉर्म मंच से जुड़े हैं राहुल
राहुल रिफॉर्म मंच के सदस्य हैं और छात्र आंदोलन शुरू होने के बाद से लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। अस्पताल में भर्ती किए जाने के बाद चिकित्सकों की एक टीम धरना स्थल पर भी पहुंची, जहां अनशन पर बैठे अन्य छात्रों के स्वास्थ्य की जांच की गई।
जेपीएससी की 14वीं परीक्षा रद्द करने की मांग
छात्रों का आरोप है कि जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं। प्रदर्शनकारी छात्रों की मांग है कि जेपीएससी की 14वीं परीक्षा को रद्द किया जाए, मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और पूरे प्रकरण की जांच केंद्रीय जांच एजेंसी को सौंपी जाए। इन मांगों को लेकर जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में करीब दो सप्ताह से आंदोलन जारी है।



