
17 को कोतवालेश्वर महादेव निकलेंगे नगर भ्रमण पर
लखनऊ : चौक स्थित श्री कोतवालेश्वर महादेव सावन के तीसरे सोमवार को शाम 4 बजे चांदी की पालकी में बैठकर नगर का भ्रमण यात्रा करेंगे। यह जानकारी देते हुए श्री कोतवालेश्वर महादेव मंदिर के महंत विशाल गौड़ ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी कोतवालेश्वर महादेव यात्रा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। महंत ने बताया मंदिर से निकलते ही श्री कोतवालेश्वर महादेव जी को लखनऊ प्रशासन द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया जाएगा। यात्रा चौक कोतवाली स्थिति श्री कोतवालेश्वर महादेव मंदिर से शुरू होकर चौक चौराहा, खुन-खुन जी रोड कोनेश्वर मंदिर में दिव्य एवं अद्भुत मिलन होगा।

तत्पश्चात यात्रा कोणेश्वर चौराहा घूमकर, चौक चौराहा, कंचन मार्केट, चरक चौराहा, कमला नेहरू मार्ग होते हुए श्री कोतवालेश्वर महादेव मंदिर में संपन्न होगी, वहां विशेष पूजन किया जाएगा। श्री कोतवालेश्वर महादेव मंदिर आकर प्रसाद आरती और वितरण से सम्पन्न होगी। यात्रा में यमराज भूत प्रेत गंधर्व रंगोलिया लखनऊ बनारस की झांकियां, रथ, ब्रास बैंड तथा प्रशासनिक बैंड शामिल होंगे। सभी महिलाएं और पुरुष पीला वस्त्र धारण करेंगे। इस अवसर पर शासन प्रशासन के अधिकारी, उपमुख्यमंत्री, राज्यमंत्री, विधायक, भक्त और नगरवासी भारी संख्या में उपस्थित रहेंगे।



