उत्तराखंडब्रेकिंग

पिथौरागढ़ में सात साल की मासूम को तेंदुआ ने बनाया निवाला

नैनीताल : उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में बुधवार रात को सात साल की एक मासूम को तेंदुए ने निवाला बना लिया। तेंदुआ उसे घर के पास से उठा ले गया। घर से कुछ दूरी पर लड़की का शव बरामद हुआ। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत व्याप्त है। मिली जानकारी के अनुसार पिथौरागढ़ के बेरीनाग तहसील के भट्टी गांव में भगतराम की दूसरे नंबर की लड़की हिमानी कल घर के बाहर कुछ काम से गयी थी। इसी दौरान घात लगाये तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया और उसे उठा कर झाड़ियों में ले गया।

लड़की की आवाज सुनकर गांव वाले एकत्र हुए और लड़की की खोज शुरू की। इसी दौरान पुलिस और वन विभाग को भी सूचना दी गयी। घर से कुछ दूरी पर मासूम का शव बरामद हुआ। लोगों में वन विभाग के प्रति आक्रोश व्याप्त है। वन विभाग के अधिकारियों के समय पर मौके पर नहीं पहुंचने से भी लोग नाराज हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने की मांग की है। पिथौरागढ़ में एक माह में तेंदुए के हमले की यह चौथी घटना है। पिथौरागढ़ के प्रभागीय वनाधिकारी विनय भार्गव ने घटना की पुष्टि की है।

Related Articles

Back to top button