लोहगढ़ किला बना मौत का जाल! कारोबारी की संदिग्ध मौत में मंगेतर पर हत्या की साजिश का आरोप, पहले भी हुई थी जान लेने की कोशिश

पुणे: महाराष्ट्र के पुणे स्थित प्रसिद्ध लोहगढ़ किले पर 26 वर्षीय कारोबारी केतन विशाल अग्रवाल की मौत के मामले में जांच ने चौंकाने वाला मोड़ ले लिया है। जिस घटना को शुरुआत में ट्रैकिंग के दौरान हुआ हादसा माना जा रहा था, अब उसी मामले में मृतक की मंगेतर सिया गोयल पर सुनियोजित हत्या की साजिश रचने के गंभीर आरोप लगे हैं। जांच में सामने आए तथ्यों के बाद यह मामला पूरे राज्य में चर्चा का विषय बन गया है।
आरोप है कि सिया गोयल ने अपने जन्मदिन के बहाने ट्रैकिंग का कार्यक्रम बनाया और केतन को लोहगढ़ किले तक लेकर गई। इसी दौरान करीब 350 फीट गहरी खाई में धक्का देकर उसकी हत्या करने की साजिश को अंजाम दिया गया। बताया जा रहा है कि केतन को इस बात की कोई भनक नहीं थी कि जिस मंगेतर के साथ वह जन्मदिन मनाने गया है, वही उसके खिलाफ घातक योजना तैयार कर चुकी है।
परिजनों ने शुरुआत से जताया था संदेह
केतन के परिवार का कहना है कि घटना के बाद से ही उन्हें पूरे मामले पर संदेह था। उनके मुताबिक, 19 जून को सिया का जन्मदिन मनाने की योजना बनाई गई थी और इसी सिलसिले में 18 जून को दोनों लोहगढ़ किले पर ट्रैकिंग के लिए निकले थे। सुबह करीब 8:20 बजे दोनों घर से रवाना हुए थे। बाद में करीब 10:45 बजे सिया की मां का फोन आया, जिसमें बताया गया कि केतन किले की घाटी में गिर गया है।
सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक केतन की मौत हो चुकी थी। परिजनों का कहना है कि पहली नजर में ही उन्हें यह कोई सामान्य दुर्घटना नहीं लगी। उनका दावा है कि घटना के बाद भी सिया के चेहरे पर दुख या शोक के कोई भाव दिखाई नहीं दिए, जबकि उसका व्यवहार भी असामान्य नजर आया, जिससे उनका शक और गहरा हो गया।
14 जून को भी हुई थी कथित हत्या की कोशिश
मृतक के पिता विशाल अग्रवाल ने आरोप लगाया है कि केतन की जान लेने की पहली कोशिश 14 जून को की गई थी। उनके अनुसार उस दिन भी सिया और केतन लोहगढ़ किले पर गए थे और वहां दोनों अकेले मौजूद थे।
परिवार का दावा है कि उसी दौरान सिया ने केतन को पीछे की ओर धक्का दिया था, जिससे वह खाई की तरफ फिसल गया। हालांकि झाड़ियों में हाथ फंस जाने के कारण उसकी जान बच गई। परिजनों के मुताबिक, केतन को उस समय महसूस हो गया था कि उसे जानबूझकर धक्का दिया गया है।
आरोप है कि स्थिति को संभालने के लिए सिया ने तत्काल “सांप, सांप” चिल्लाना शुरू कर दिया और फिर केतन को पकड़कर यह दिखाने की कोशिश की कि उसने उसे बचाने के प्रयास में धक्का दिया था। परिवार का कहना है कि उसी दिन हत्या की पहली कोशिश नाकाम रही थी।
अगले महीने होनी थी जयपुर में शादी
केतन और सिया की शादी अगले महीने जयपुर में निर्धारित थी। दोनों परिवार विवाह की तैयारियों में जुटे हुए थे और समारोह को भव्य बनाने की योजना बनाई गई थी। परिजनों के अनुसार, शादी के लिए जयपुर के एक आलीशान पैलेस की बुकिंग की जा चुकी थी। मेहमानों की आवाजाही के लिए दो विशेष विमान भी तय किए गए थे।
लेकिन शादी की खुशियों के बीच आई इस दुखद घटना ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। जिस घर में कुछ दिन पहले तक विवाह की तैयारियों की रौनक थी, वहां अब मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है। परिजन, रिश्तेदार और करीबी मित्र केतन की असमय मौत से गहरे सदमे में हैं।



