
बिहारशरीफ: बिहार के नालंदा में प्रेम विवाह के करीब एक साल बाद पति-पत्नी के रिश्ते का खौफनाक अंत हो गया। आर्केस्ट्रा में काम करने के दौरान रेखा और सौरभ कुमार के बीच प्रेम संबंध हुआ था। दोनों ने करीब एक साल पहले शादी की थी। शुक्रवार को लहेरी थाना क्षेत्र के बड़ी पहाड़ी स्थित चौहारमल बाबा मंदिर के पास विवाद के दौरान सौरभ ने कथित तौर पर हथौड़े से पत्नी रेखा के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
आर्केस्ट्रा में काम करने के दौरान हुआ था प्यार
मृतका की पहचान सौरभ कुमार की 26 वर्षीय पत्नी रेखा के रूप में हुई है। रेखा पंजाब की रहने वाली थी और आर्केस्ट्रा में काम करती थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात सौरभ कुमार से हुई। दोनों के बीच प्रेम संबंध बना और करीब एक साल पहले दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया था।
परिजनों के मुताबिक, रेखा कुछ समय पहले अपने मायके पंजाब गई थी। वह गुरुवार को ही वापस लौटी थी। इसके अगले दिन शुक्रवार को किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया।
विवाद बढ़ा तो दोनों में हुई मारपीट
मृतका की सास शोभा देवी के मुताबिक, किसी बात को लेकर रेखा और सौरभ के बीच कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर दोनों एक-दूसरे के साथ मारपीट करने लगे। इसी दौरान सौरभ ने बचाव के लिए पास में रखा हथौड़ा उठाया और रेखा के सिर पर वार कर दिया।
हथौड़े के वार से रेखा के सिर में गंभीर चोट आई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
एसपी ने मौके पर पहुंचकर ली घटना की जानकारी
घटना की सूचना मिलते ही एसपी हृदयकांत पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। एसपी ने मामले की जांच के लिए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
लहेरी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल हथौड़े को लेकर भी जांच शुरू कर दी है।
पूछताछ में पुलिस को मिली कई जानकारियां
एसपी हृदयकांत ने बताया कि आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है और पूछताछ के दौरान घटना से जुड़ी कई जानकारियां मिली हैं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस परिजनों और गांव के लोगों से भी घटना को लेकर जानकारी जुटा रही है, ताकि विवाद की पूरी वजह और हत्या की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।



