मध्य प्रदेशराज्य

मध्यप्रदेश का सांची होगा देश का पहला सोलर सिटी : CM शिवराज

भोपाल : मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि प्रदेश का वर्ल्ड हेरिटेज शहर सांची देश का पहला सोलर सिटी होगा। चौहान ने संवाददाताओं से चर्चा के दौरान कहा कि मध्यप्रदेश के वर्ल्ड हेरिटेज शहर सांची को पूर्ण सोलर सिटी बनाया जा रहा है। जिस गति से वहां काम हो रहा है, उसके हिसाब से आगामी तीन मई तक ये काम पूरा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि तीन मई सोलर इंटरनेशनल डे के तौर पर मनाया जाता है, उस दिन मध्यप्रदेश का एक शहर सोलर सिटी बन जाएगा। उन्होंने कहा कि सांची ये उपलब्धि पाने वाला देश का पहला शहर होगा। ये पर्यावरण को बचाने की दिशा में अहम काम होगा।

बताया गया है कि सोलर एनर्जी प्रोजेक्ट्स पर कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। सांची को सोलर सिटी बनाने का यह कार्य दो महीने में पूर्ण कर लिया जाएगा। जिसका लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कर सकते हैं। जिसके लिए आमंत्रण भी पीएम को भेजा जा चुका है। सोलर सिटी बनाने में जनभागीदारी के लिए हर घर को आफ ग्रिड सौर संयंत्र प्रदान किए जाएंगे। यह संयंत्र विभिन्न संस्थाओं से प्राप्त और व्यक्ति सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत योगदान द्वारा वित्तीय सहायता दी गई है। जिसमें सोलर ड्रायर, सोलर स्टडी लैंप, सोलर कुकर, सोलर लालटेन, सोलर वाटर हीट आदि उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके साथ ही इन उपकरणों के उपयोग करने के लिए उन्हें प्रोत्साहित भी किया जाएगा।

नवकरणीय ऊर्जा विभाग के मुताबिक इस प्रोजेक्ट के तहत घरों में जितनी क्षमता के विद्युत कनेक्शन हैं उतनी कैपिसिटी से ज्यादा का सोलर रूफ टाॅप उपलब्ध कराया जाएगा। सोलर सिटी प्रोजेक्ट के तहत यह लोगों को मुहैया कराए जाएंगे। यदि घरेलू विद्युत कनेक्शन 5 किलोवाॅट का है तो इतनी ही क्षमता का सोलर रूफ टाॅप मिल सकेगा। घरेलू रूफ टाॅप लगवाने के लिए सरकार की ओर से 40 प्रतिशत सब्सिडी प्रदान की जाएगी। जबकि हितग्राही को 60 प्रतिशत अंशदान देना होगा।

नवकरणीय ऊर्जा मंत्री हरदीप सिंह डंग का कहना है कि जलवायु परिवर्तन की वजह से विश्व भर में चुनौतियां उत्पन्न हो रही हैं। जिसको लेकर पीएम नरेन्द्र मोदी द्वारा नेट जीरो की परिकल्पना की गई थी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा सांची को सोलर सिटी बनाने का कार्य प्रारंभ कर दिया है। इस कार्य में जनता भी सहयोग प्रदान कर रही है। लोगों के घरों की छतों में सोलर प्लेट लगाई जा रही हैं। जहां यह नहीं लग सकतीं वहां के लोगों को कनेक्शन दिया जाएगा। जिसका उद्घाटन 3 मई को पीएम नरेन्द्र मोदी कर सकते हैं। सोलर सिटी बनने के बाद यहां कूलर, पंखा, फ्रिज समेत अन्य उपकरण सौर ऊर्जा के द्वारा संचालित हो सकेंगे।

Related Articles

Back to top button