
रायपुर: छत्तीसगढ़ सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने राज्य प्रशासनिक सेवा के 125 अधिकारियों के स्थानांतरण और नई पदस्थापना का आदेश जारी किया है। राज्यपाल के नाम और आदेश से जारी यह निर्देश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। तबादले के तहत वरिष्ठ चयन श्रेणी, चयन श्रेणी, वरिष्ठ श्रेणी और कनिष्ठ श्रेणी के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। इस बदलाव का उद्देश्य मैदानी प्रशासन के साथ विभिन्न विभागों के कामकाज में कसावट लाना है।
तबादला सूची के मुताबिक कोरिया के अपर कलेक्टर सुरेंद्र प्रसाद वैद्य को बालोद का नया अपर कलेक्टर बनाया गया है। बालोद में पदस्थ चंद्रकांत कौशिक को सारंगढ़-बिलाईगढ़ और सरगुजा के अपर कलेक्टर सुनील कुमार नायक को जशपुर स्थानांतरित किया गया है।
अपर कलेक्टरों की जिम्मेदारियों में बड़ा बदलाव
दंतेवाड़ा के अपर कलेक्टर रहे राजेश कुमार पात्रे को नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण में प्रबंधक की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं उच्च शिक्षा निदेशालय, नवा रायपुर के अपर संचालक राजीव कुमार पांडेय को जशपुर का अपर कलेक्टर बनाया गया है।
रायपुर विकास प्राधिकरण के अपर सीईओ अरविंद कुमार पांडेय को छत्तीसगढ़ प्रशासनिक अकादमी, निमोरा में संयुक्त संचालक नियुक्त किया गया है। कबीरधाम के अपर कलेक्टर संदीप कुमार ठाकुर को रायपुर विकास प्राधिकरण का नया अपर सीईओ बनाया गया है।
कई जिलों में नए अपर कलेक्टर की पदस्थापना
तबादला आदेश के तहत बेमेतरा में निष्ठा पांडेय तिवारी, कोरबा में योगिता देवांगन, सुकमा में चंद्रिका प्रसाद बघेल, बलरामपुर-रामानुजगंज में अनिल कुमार सिदार और नारायणपुर में वीरेंद्र लकड़ा को अपर कलेक्टर के पद पर पदस्थ किया गया है।
राज्य प्रोटोकॉल अधिकारी विनायक शर्मा को एनआरडीए, नवा रायपुर में प्रबंधक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं जशपुर के डिप्टी कलेक्टर हरिओम द्विवेदी को राज्य का नया प्रोटोकॉल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
वक्फ बोर्ड में भी बदली जिम्मेदारी
प्रशासनिक फेरबदल के तहत छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के स्तर पर भी बदलाव किया गया है। बोर्ड की मुख्य कार्यपालन अधिकारी शिम्मी नाहिद को माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर में उप सचिव बनाया गया है। नारायणपुर के डिप्टी कलेक्टर गोविंद कुमार सिन्हा को राज्य वक्फ बोर्ड के नए सीईओ का प्रभार सौंपा गया है।
अतिरिक्त प्रभार भी सौंपे गए
श्रम विभाग के उप सचिव विपुल कुमार गुप्ता को छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल, रायपुर के सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं सामान्य प्रशासन विभाग के उप सचिव पुलक भट्टाचार्य को राज्य शहरी विकास एजेंसी के अतिरिक्त सीईओ का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
इसके अलावा दुर्ग के डिप्टी कलेक्टर प्रेमु लाल साहू को राज्य निर्वाचन आयोग, नवा रायपुर में अवर सचिव के पद पर नियुक्त किया गया है। तबादले के इस आदेश के बाद राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की जिम्मेदारियों में व्यापक स्तर पर बदलाव हुआ है।



