मध्य प्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 20 IAS अधिकारियों के तबादले; नीरज मंडलोई को ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2027 की कमान

भोपाल: मध्य प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 20 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। मुख्य सचिव का कार्यभार संभालने के बाद अशोक बरनवाल ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से चर्चा के उपरांत यह व्यापक प्रशासनिक बदलाव किया। इस फेरबदल में कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि कई जिलों और विभागों में नेतृत्व परिवर्तन किया गया है।
इस प्रशासनिक बदलाव के तहत मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव नीरज मंडलोई को ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2027 के आयोजन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही वे उद्योग और एमएसएमई विभाग का भी कार्यभार संभालेंगे। उन्होंने राघवेंद्र सिंह का स्थान लिया है, जिन्हें वन विभाग का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारियां
प्रशासनिक आदेश के अनुसार, राघवेंद्र सिंह ने संदीप यादव की जगह ली है। वहीं संदीप यादव को जल संसाधन विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया है और उन्हें केन-बेतवा तथा पार्वती-कालीसिंध परियोजनाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण और राजस्व विभाग का दायित्व ई. रमेश कुमार को सौंपा गया है। उन्होंने डॉ. राजेश राजोरा का स्थान लिया है, जिन्हें आरसीपीवी नरोन्हा एकेडमी ऑफ एडमिनिस्ट्रेशन एंड मैनेजमेंट का महानिदेशक नियुक्त किया गया है।
स्वास्थ्य, ऊर्जा और लोक स्वास्थ्य विभाग में भी बदलाव
लोक निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुखवीर सिंह को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। ये विभाग पहले अशोक बरनवाल के पास थे। सामान्य प्रशासन विभाग के उप सचिव अजय कटेसरिया को उनकी प्रशासनिक उपलब्धियों के मद्देनजर नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। उन्होंने लंबे अंतराल के बाद प्रदेश में पदोन्नति नियमों को लागू कराने और रतलाम में यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
मुख्यमंत्री सचिवालय और इंदौर संभाग में नई नियुक्तियां
इंदौर संभाग के आयुक्त रहे सुदाम खाड़े को मुख्यमंत्री सचिवालय में सचिव बनाया गया है। कुमार पुरुषोत्तम को मंडी बोर्ड की जिम्मेदारियों के साथ मुख्यमंत्री कार्यालय में उप सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं भास्कर लक्ष्यकार को इंदौर संभाग का नया आयुक्त बनाया गया है।
कई विभागों में बदले सचिव और आयुक्त
केसी गुप्ता को कृषि उत्पादन आयुक्त के साथ बागवानी विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। मनीष सिंह अब ऊर्जा विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगे, जबकि सचिन सिन्हा को लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग में अतिरिक्त मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। जॉन किंग्सले एआर को औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग का सचिव बनाया गया है और उन्हें एमएसएमई विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
कलेक्टरों और वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले भी शामिल
प्रशासनिक फेरबदल के तहत उज्जैन के अतिरिक्त आयुक्त रत्नाकर झा को अनूपपुर का कलेक्टर नियुक्त किया गया है। हर्षल पंचोली को भोपाल स्थित पर्यावरण नियोजन एवं समन्वय संगठन का कार्यकारी निदेशक बनाया गया है। शहडोल के कलेक्टर केदार सिंह को लोक निर्माण विभाग में अतिरिक्त सचिव की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि मिशा सिंह को शहडोल का नया कलेक्टर बनाया गया है।
मंदसौर की कलेक्टर रहीं अदिति गर्ग को खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग का आयुक्त नियुक्त किया गया है। उनकी जगह दिव्यांक सिंह मंदसौर के नए कलेक्टर होंगे। मुख्य सचिव कार्यालय में उप सचिव रहे गुरु प्रसाद को खरगोन का कलेक्टर बनाया गया है। सतना नगर निगम के आयुक्त शेर सिंह मीणा को आगर-मालवा का कलेक्टर नियुक्त किया गया है, जबकि प्रीति यादव को मध्य प्रदेश औद्योगिक विकास निगम, इंदौर का कार्यकारी निदेशक बनाया गया है।
इंदौर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सिद्धार्थ जैन को मुख्य सचिव कार्यालय में उप सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। उनकी जगह हिमांशु प्रजापति को इंदौर जिला पंचायत का नया मुख्य कार्यपालन अधिकारी नियुक्त किया गया है।



