कोलंबिया में बस में भीषण धमाका, 14 की मौत; सरकार ने बताया आतंकी हमला

नई दिल्ली : दक्षिण-पश्चिमी कोलंबिया में शनिवार को एक चलती बस को निशाना बनाकर किए गए भीषण विस्फोट में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 38 से अधिक यात्री घायल हो गए। सेना ने इस घटना को सीधा “आतंकी हमला” करार दिया है।
यह हमला काउका क्षेत्र के काजिबियो नगर में पैनअमेरिकन हाईवे पर उस समय हुआ, जब बस गुजर रही थी। स्थानीय प्रशासन के अनुसार, विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि बस के परखच्चे उड़ गए और आसपास का इलाका दहल उठा। काउका की स्वास्थ्य अधिकारी कैरोलिना कामार्गो ने बताया कि घायलों में पांच बच्चे भी शामिल हैं, जिनका इलाज अस्पतालों में जारी है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
कोलंबिया की सेना के कमांडर जनरल ह्यूगो लोपेज ने इस हमले के लिए कुख्यात अपराधी इवान मोर्दिस्को के गिरोह और जैमी मार्टिनेज गुट को जिम्मेदार ठहराया है। ये दोनों गुट पूर्व विद्रोही संगठन FARC के असंतुष्ट धड़े माने जाते हैं, जिन्होंने 2016 के शांति समझौते को स्वीकार नहीं किया था और अब भी क्षेत्र में सक्रिय हैं।
कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने हमले की निंदा करते हुए कहा कि निर्दोष नागरिकों, खासकर आदिवासी समुदाय के लोगों को निशाना बनाना “आतंकवाद” है। उन्होंने हमलावरों को मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े हिंसक गिरोह करार दिया। दक्षिण-पश्चिमी कोलंबिया में हाल के दिनों में हिंसा तेजी से बढ़ी है। पिछले दो दिनों में ही इस क्षेत्र में 26 से अधिक हिंसक घटनाएं दर्ज की गई हैं, जिनमें सार्वजनिक ढांचे और आम नागरिकों को निशाना बनाया गया।
इसी बीच मेक्सिको में भी एक अलग घटना सामने आई, जहां टियोटिहुआकन पिरामिड परिसर में एक हथियारबंद व्यक्ति ने पर्यटकों पर फायरिंग कर दी। इस हमले में एक कनाडाई नागरिक की मौत हो गई, जबकि कम से कम 13 लोग घायल हुए। बाद में हमलावर ने खुद को गोली मार ली। घायलों में विभिन्न देशों के नागरिक शामिल हैं और सभी का इलाज अस्पतालों में चल रहा है।



