अन्तर्राष्ट्रीय

कतर LNG प्लांट में भीषण धमाका: 13 की मौत, 12 भारतीयों समेत कई घायल, रास लफ्फान में मचा हड़कंप

दोहा: कतर के रास लफ्फान LNG कॉम्प्लेक्स में हुए भीषण धमाके ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया है। इस हादसे में कुल 13 लोगों की मौत हो गई है, जिनमें 12 भारतीय नागरिक शामिल बताए जा रहे हैं। वहीं इस घटना में 66 लोग घायल हुए हैं। हादसे को लेकर भारतीय दूतावास ने भी गहरी चिंता जताई है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

हादसे में भारी जानमाल का नुकसान
जानकारी के अनुसार यह विस्फोट उस समय हुआ जब गैस फैसिलिटी में काम दोबारा शुरू किया जा रहा था। कतर के अधिकारियों ने इसे टेक्निकल एक्सीडेंट बताया है। यह सुविधा देश के सबसे बड़े एलएनजी उत्पादन और निर्यात केंद्र रास लफ्फान इंडस्ट्रियल सिटी का हिस्सा है। धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

घायलों का इलाज जारी, लापता लोगों की तलाश
दोहा स्थित भारतीय दूतावास के अनुसार कई घायलों का इलाज स्थानीय अस्पतालों में चल रहा है, जबकि कुछ लोगों के लापता होने की भी सूचना है। दूतावास लगातार कतर प्रशासन के संपर्क में है और भारतीय नागरिकों की पहचान की पुष्टि की जा रही है। कतर के ऊर्जा मंत्री ने भी हादसे में मौतों की पुष्टि करते हुए इसे औद्योगिक दुर्घटना बताया है।

ऊर्जा उत्पादन से जुड़ा अहम केंद्र प्रभावित
रास लफ्फान LNG कॉम्प्लेक्स कतर का सबसे बड़ा प्राकृतिक गैस उत्पादन और निर्यात केंद्र माना जाता है। हाल के समय में वैश्विक आपूर्ति परिस्थितियों के चलते इस क्षेत्र में उत्पादन और निर्यात गतिविधियों को फिर से शुरू करने की कोशिश की जा रही थी। इसी दौरान यह हादसा हो गया, जिससे ऊर्जा आपूर्ति व्यवस्था पर भी चिंता बढ़ गई है।

वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर असर की आशंका
इस घटना के बाद अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार में भी हलचल की आशंका जताई जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि उत्पादन और निर्यात गतिविधियों में देरी होती है तो इसका असर वैश्विक एलएनजी सप्लाई पर पड़ सकता है। हालांकि फिलहाल प्राथमिकता राहत और बचाव कार्यों पर दी जा रही है।

Related Articles

Back to top button