Meerut News : मेरठ पुलिस ने चलाया अवैध मीट दुकानों पर विशेष अभियान
मेरठ पुलिस ने भूमिया माता मंदिर के निकट अवैध रूप से संचालित मीट मंडी को बंद कराया
Meerut News : मेरठ पुलिस ने अवैध मीट दुकानों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए विशेष अभियान चलाया। एसएसपी मेरठ अविनाश पांडे के निर्देशानुसार मेरठ जनपद में कानून व्यवस्था एवं जनस्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से एक विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान एसपी ट्रैफिक मेरठ राजेश कुमार श्रीवास्तवन के नेतृत्व में चलाया गया। जिसमें मेरठ नगर निगम की प्रवर्तन टीम, फूड सेफ्टी अधिकारी, सैनिटेशन इंस्पेक्टर, सीओ कोतवाली, सीओ ब्रह्मपुरी तथा संबंधित थाना प्रभारियों ने भाग लिया। यह संयुक्त अभियान लिसाड़ी गेट से भूमिया पुल होते हुए माधवपुरम तक चलाया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य अवैध रूप से संचालित मीट की दुकानों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करना तथा फूड सेफ्टी मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराना था।
मीट मंडी को बंद कराया
अभियान के दौरान टीम द्वारा व्यापक निरीक्षण एवं चेकिंग की गई। इस दौरान भूमिया माता मंदिर के निकट अवैध रूप से संचालित मीट मंडी को चिन्हित कर तत्काल प्रभाव से पूर्ण रूप से बंद कराया गया। यह कार्रवाई स्थानीय नागरिकों की शिकायतों एवं जनहित को ध्यान में रखते हुए की गई, जिससे क्षेत्र में स्वच्छता एवं व्यवस्था बनाए रखने में सहायता मिलेगी। निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि कई दुकानदार Food Safety Act के अंतर्गत निर्धारित मानकों एवं नियमों का पालन नहीं कर रहे थे। ऐसे दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी गई तथा उनके विरुद्ध नोटिस जारी कर मौके पर ही चस्पा किए गए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
दो दर्जन से अधिक दुकानों पर कार्रवाई
संयुक्त टीम द्वारा करीब दो दर्जन से अधिक दुकानों के विरुद्ध फूड सेफ्टी विभाग, नगर निगम एवं पुलिस द्वारा समन्वित कार्रवाई की गई। इन दुकानों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 290 एवं 292 के अंतर्गत विधिक कार्रवाई करते हुए नोटिस भी जारी किए गए। संबंधित दुकानदारों को निर्देशित किया गया कि वे सभी आवश्यक मानकों का पालन सुनिश्चित करें, अन्यथा भविष्य में कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
मीट के दुकानदारों को अधिकारियों ने दी चेतावनी
अभियान के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनस्वास्थ्य, स्वच्छता एवं कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को निर्धारित नियमों एवं मानकों का पालन करना अनिवार्य है। प्रशासन द्वारा यह भी अवगत कराया गया कि इस प्रकार के विशेष अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी दुकानें वैध रूप से एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप ही संचालित हों। अवैध रूप से संचालित किसी भी दुकान या गतिविधि के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। जनपदवासियों से भी अपील की गई है कि वे स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों का पालन करें तथा किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।



