राज्यहरियाणा

पेट्रोल पंप पर आधी रात डकैती का तांडव! नकाबपोश बदमाशों ने सेल्समैन का सिर फोड़ा, 1.25 लाख रुपये लूटकर फरार

पानीपत: हरियाणा के पानीपत जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। देर रात एक पेट्रोल पंप पर पहुंचे सात नकाबपोश बदमाशों ने हथियारों के बल पर डकैती की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने सेल्समैन को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा, उसका मोबाइल फोन तोड़ दिया और गल्ले से करीब 1.25 लाख रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए। पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

चारपाई से उठते ही बदमाशों ने दबोचा

मामला सेक्टर 13-17 थाना क्षेत्र का है। पुलिस को दी शिकायत में गांव बबैल निवासी नरेश कुमार ने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से शिव फ्यूल पेट्रोल पंप पर सेल्समैन के रूप में कार्यरत है। शुक्रवार रात करीब 12:10 बजे वह पंप के कार्यालय में रखी चारपाई पर आराम कर रहा था।

इसी दौरान एक सफेद रंग की कार पेट्रोल पंप पर आकर रुकी। नरेश जैसे ही वाहन में तेल भरने के लिए बाहर निकला, कार से उतरे 6 से 7 नकाबपोश युवकों ने उसे घेर लिया और जबरन पकड़कर कार्यालय के अंदर ले गए।

पिस्तौल की बट से किया हमला, लहूलुहान हुआ कर्मचारी

शिकायत के मुताबिक बदमाशों ने कार्यालय के अंदर ले जाकर सेल्समैन के साथ मारपीट शुरू कर दी। दो आरोपियों ने अपने पास मौजूद देसी पिस्तौल की बट से उसके सिर पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

आरोप है कि बदमाशों ने उसकी जेब से मोबाइल फोन निकालकर जमीन पर पटक दिया, जिससे वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के दौरान कर्मचारी को धमकाते हुए बदमाशों ने उसे विरोध न करने की चेतावनी भी दी।

सीसीटीवी कैमरों का रुख बदला, फिर गल्ला साफ किया

वारदात को अंजाम देने के दौरान बदमाशों ने पहचान छिपाने और सबूत कम करने के उद्देश्य से कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की दिशा बदल दी। इसके बाद उन्होंने कैश बॉक्स खंगाला और उसमें रखी करीब 1.25 लाख रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए।

लूट के बाद पुलिस में मची हलचल

घटना के बाद घायल कर्मचारी ने किसी तरह पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। हालांकि खबर लिखे जाने तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिल पाया था।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। फुटेज के आधार पर कार और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले में विभिन्न पहलुओं से जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button