मानसून ने पकड़ी रफ्तार! भोपाल समेत कई जिलों में झमाझम बारिश, अगले 4 दिन भारी से अति भारी वर्षा का अलर्ट

भोपाल: मध्य प्रदेश में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और गुरुवार को उसने प्रदेश के सभी जिलों को अपने दायरे में ले लिया। राजधानी भोपाल सहित कई शहरों में दिनभर बारिश का दौर जारी रहा, जबकि कुछ इलाकों में तेज वर्षा ने जनजीवन को प्रभावित किया। दमोह में लगातार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर आ गए हैं। ग्वालियर, रीवा, सीहोर, रतलाम और पांढुर्णा में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई।
इस वर्ष मानसून ने 24 जून को प्रदेश में प्रवेश किया था और करीब नौ दिनों में पूरे मध्य प्रदेश को कवर कर लिया। हालांकि इसकी आमद सामान्य तिथि की तुलना में लगभग नौ दिन देरी से हुई। इसके बावजूद अब बारिश की गतिविधियां तेजी से बढ़ रही हैं।
अब तक सामान्य से 28 फीसदी कम बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में अब तक औसतन 100.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य औसत 139.7 मिलीमीटर माना जाता है। इस हिसाब से मध्य प्रदेश में अब तक करीब 28 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। हालांकि विभाग का मानना है कि जुलाई माह में बारिश का जोर बढ़ेगा और वर्षा की कमी काफी हद तक पूरी हो सकती है।
इन जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने हरदा, नर्मदापुरम, रायसेन, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा और बालाघाट जिलों के लिए अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में अगले 24 घंटों के दौरान 4 से 8 इंच तक वर्षा होने की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा अशोकनगर, देवास, खंडवा, बैतूल, सागर, मंडला और डिंडौरी जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार
मौसम विभाग ने भोपाल, इंदौर, उज्जैन, विदिशा, राजगढ़, धार, झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, रतलाम, मंदसौर, नीमच, शाजापुर, आगर-मालवा, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, शिवपुरी, जबलपुर, कटनी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है।
5 जुलाई तक जारी रहेगा बारिश का मजबूत सिस्टम
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश में सक्रिय मानसूनी सिस्टम के चलते 5 जुलाई तक कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश का दौर बना रह सकता है। विभाग ने 3 जुलाई के लिए धार और बड़वानी जिलों में अति भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं 4 जुलाई को खरगोन जिले में भी अत्यधिक वर्षा की चेतावनी दी गई है।
लगातार सक्रिय हो रहे मानसून को देखते हुए प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी है और लोगों से नदी-नालों तथा जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने की अपील की है।



