मध्य प्रदेशराज्य

MP : पंचायत विवाद से नाराज युवक चढ़ा मोबाइल टावर पर, 2 घंटे तक चला हाई वोल्टेज ड्रामा, पुलिस ने सुरक्षित उतारा

मंदसौर: मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के शामगढ़ थाना क्षेत्र स्थित मकड़ावन गांव में पंचायत की कार्यप्रणाली से नाराज एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। करीब दो घंटे तक चले हाई वोल्टेज घटनाक्रम के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की समझाइश पर युवक सुरक्षित नीचे उतर आया। पुलिस ने उसकी शिकायत के समाधान का भरोसा भी दिया।

गुरुवार को मकड़ावन गांव निवासी दलित युवक शिवलाल मेघवाल मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक का आरोप था कि उसकी शिकायतों पर पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का लगाया आरोप

शिवलाल मेघवाल का आरोप है कि उसके घर के पास किशोर और किशनलाल प्रजापति ने जमीन खरीदी है। इसके बाद से उसके मकान को लगातार नुकसान पहुंचाया जा रहा है। उसने इस मामले की शिकायत शामगढ़ थाने में भी की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

परिवार का यह भी आरोप है कि लगातार हो रही प्रताड़ना से परेशान होकर पहले शिवलाल के भाई गोविंद ने जहर पी लिया था। उसके इलाज में परिवार के 4 से 5 लाख रुपये खर्च हुए थे।

समझाइश के बाद सुरक्षित नीचे उतारा गया

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रिंस सूर्यवंशी भी घटनास्थल पर पहुंचे। करीब दो घंटे तक समझाइश और उचित कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद युवक को सुरक्षित टावर से नीचे उतार लिया गया।

दलित उत्पीड़न का लगाया आरोप

आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रिंस सूर्यवंशी ने आरोप लगाया कि जिले में दलितों पर अत्याचार की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में पुलिस को निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि पीड़ितों को न्याय मिल सके।

थाना प्रभारी और सरपंच ने दिया अपना पक्ष

शामगढ़ थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्र ने बताया कि इस मामले में थाने में कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। उनके अनुसार यह विवाद ग्राम पंचायत मकड़ावन में नाला निर्माण से जुड़ा हुआ है।

वहीं, सरपंच संजय सिंह सिसोदिया ने बताया कि नाले के निर्माण को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इस मामले में शामगढ़ थाने में दोनों पक्षों के बीच राजीनामा करा दिया गया है और भविष्य में किसी तरह के विवाद की संभावना नहीं है।

Related Articles

Back to top button