राज्यराष्ट्रीय

मप्रः दिग्विजय सिंह फिर विवादों में, विवादित कलाकार कामरा-फारूकी को दिया न्योता

भोपाल। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह हमेशा अपने विवादित बयानों के चलते मीडिया की सुर्खियों में छाए रहे हैं। वे एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। उन्होंने सोमवार को ट्वीट के माध्यम से विवादास्पद हास्य कलाकार कुणाल कामरा और मुनव्वर फारुकी को भोपाल में आकर कार्यक्रम करने का न्योता दिया है। उनके इस कदम के बाद प्रदेश की राजनीति गर्मा गई है। भाजपा नेता और भोपाल की हुजूर विधानसभा से विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा है कि हिन्दू देवी-देवताओं का अपमान करने वाले कलाकारों का कार्यक्रम नहीं होने देंगे।

दरअसल, हिंदू दक्षिणपंथी संगठनों के विरोध के बाद स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा और मुन्नवर फारूकी के बेंगलुरु में शो आयोजित करने से मना कर दिया गया था। इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने दोनों कलाकारों को भोपाल में आकर शो करने के लिए आमंत्रित किया है। उन्होंने सोमवार को ट्वीट किया है कि- मैं आपका भोपाल में कार्यक्रम आयोजित करुंगा और इसकी पूरी जिम्मेदारी मेरी रहेगी पर शर्त एक होगी कि विषय सिर्फ दिग्विजय सिंह होगा। आप मुझे दिनांक और समय बताएं। आपकी सभी शर्तें स्वीकार होंगी। संघियों (संघ कार्यकर्ताओं) को चाहिए कि वह इस पर आपत्ति न करें।

दिग्विजय के निमंत्रण पर कॉमेडियन कुनाल कामरा ने भी रिप्लाई किया है। उन्होंने दिग्विजय के पोस्ट पर मजाकिया लहजे में लिखा- मैं देखता हूं मेरा लाइफ इंश्योरेंस है कि नहीं। आपको तारीख के बारे में जल्द अपडेट करता हूं…।

उधर, भाजपा के विधायक रामेश्वर शर्मा ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हिंदू देवी-देवताओं का अपमान करने वाले कुणाल कामरा और मुनव्वर फारुकी के कार्यक्रम मध्य प्रदेश तो देश में कहीं भी देशभक्त नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि वे (दिग्विजय सिंह) तो कल पाकिस्तान के आतंकवादियों को घर पर बुलाकर बिरयानी खिलाना चाहते हैं, तो क्या हम पाकिस्तानियों को हिंदुस्तान में आकर आतंकवादियों को बिरयानी खिलाने की अनुमति देंगे। हिंदू, हिंदुत्व और राम को काल्पनिक बताकर कांग्रेस क्या दिखाना चाहती है।

उन्होंने सवाल किया कि क्या कुणाल कामरा और मुनव्वर फारुकी को बुलाकर भगवान राम और माता सीता का अपमान कराना चाहते हैं। हिंदुस्तान इस अपमान को बर्दाश्त नहीं करेगा। हमने औरंगजेब, बाबर, हुमायू, अकबर से भी लड़ाई लड़ी है। दिग्विजय सिंह जैसे लोग देश में नए जिन्न के रूप में अवतरित हो रहे हैं। हिंदू और मुस्लमान के बीच खाई डालने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कुणाल कामरा और मुनव्वर फारुकी के लिए कहा कि कान खोलकर सुन लो देवी-देवताओं को अपमान किया तो देशभक्त उठेंगे और मध्य प्रदेश तो क्या किसी भी प्रदेश में कार्यक्रम नहीं होगा।

उल्लेखनीय है कि कुणाल कामरा और मुनव्वर फारुकी पर हिन्दुओं की भावना के साथ खिलवाड़ करते हैं। मुनव्वर फारुकी पर भगवान श्रीराम और माता सीता पर टिप्पणी करने का आरोप है। इन पर इंदौर में पुलिस प्रकरण दर्ज हुआ था और यहां लम्बे समय तक जेल में भी रहे। वहीं, कुणाल कामरा ने न्यायपालिका पर तंज कसा था। वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित भाजपा, संघ व हिंदुत्व को लक्ष्य करके उपहास उड़ाने को लेकर विवादों में रहे हैं।

Related Articles

Back to top button