MP: भोपाल में आज जुटेंगे 35 हजार से ज्यादा गौपालक, अमित शाह देंगे बड़ी सौगातें; डेयरी प्लांट समेत कई योजनाओं का होगा शुभारंभ

भोपाल: मध्य प्रदेश में दुग्ध क्रांति को गति देने के उद्देश्य से 3 अक्टूबर को भोपाल के भेल दशहरा मैदान में गौपालक सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। केंद्रीय सहकारिता एवं गृह मंत्री अमित शाह सम्मेलन में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। पशुपालन एवं डेयरी विभाग की ओर से आयोजित इस सम्मेलन में 35 हजार से अधिक गौपालकों के शामिल होने की उम्मीद है।
गौपालक दीदियों का होगा सम्मान
सम्मेलन के दौरान अमित शाह पशुपालन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली गौपालक दीदियों को सम्मानित करेंगे। इसके साथ ही डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के स्वीकृति पत्र भी वितरित किए जाएंगे।
केंद्रीय सहकारिता मंत्री उज्जैन में 3 लाख लीटर प्रतिदिन प्रसंस्करण क्षमता वाले अत्याधुनिक डेयरी प्लांट का वर्चुअल भूमि-पूजन भी करेंगे। इसके अलावा भोपाल में तैयार 40 हजार लीटर उत्पादन क्षमता वाले फर्मेंटेड प्रोडक्ट डेयरी प्लांट का शुभारंभ किया जाएगा।
राज्य स्तरीय डेयरी परीक्षण प्रयोगशाला का भी शुभारंभ
कार्यक्रम के दौरान मध्यप्रदेश स्टेट को-ऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन भोपाल के परिसर में तैयार सहकारी क्षेत्र की पहली अत्याधुनिक राज्य स्तरीय डेयरी परीक्षण प्रयोगशाला का भी शुभारंभ होगा। इसके साथ ही शिवपुरी में तैयार मिनी डेयरी संयंत्र को भी शुरू किया जाएगा।
इन परियोजनाओं के जरिए प्रदेश में डेयरी क्षेत्र से जुड़े कामकाज को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने और दुग्ध उत्पादन एवं प्रसंस्करण की क्षमता को बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
दुग्ध उत्पादकों को बांटी जाएगी बोनस राशि
गौपालक सम्मेलन में अमित शाह भोपाल और इंदौर दुग्ध संघ से जुड़े दुग्ध उत्पादकों को बोनस राशि का वितरण करेंगे। इससे इन दुग्ध उत्पादकों को सीधे आर्थिक लाभ मिलेगा।
इसके अलावा प्रदेश सरकार द्वारा पंजीकृत और संचालित गौशालाओं में संरक्षित गोवंश के रखरखाव एवं भरण-पोषण के लिए जुलाई और अगस्त 2026 की अनुदान राशि भी ऑनलाइन डीबीटी के माध्यम से वितरित की जाएगी। यह राशि गौशालाओं में दर्ज गोवंश के उचित व्यवस्थापन, आहार और भरण-पोषण के लिए दी जाती है।



