स्पोर्ट्स

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम को बनाया जाएगा क्वारंटाइन सेंटर, BMC ने भेजी चिठ्ठी

नई दिल्ली: पूरे देश में कोरोना वायरस महामारी काफी तेजी से फैल रही है। भारत में कोरोना वायरस का केंद्र महाराष्ट्र बना हुआ है। खासकर मुंबई शहर में सबसे ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे में इससे निपटने और लोगों की मदद के लिए मुंबई के ऐतिहासिक क्रिकेट स्टेडियम यानी वानखेड़े स्टेडियम को क्वारंटाइन सेंटर के लिए उपयोग किया जाएगा। इसके लिए बीएमसी ने मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन को पत्र भी लिखा है।

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) को आदेश दिया है कि वानखेड़े स्टेडियम को क्वारंटाइन फैसिलिटी के लिए हैंड ओवर किया जाए। ऐसा इसलिए भी है, क्योंकि शहर में कोविड 19 के केस काफी तेजी से बढ़ रहे हैं। द हिंदू के मुताबिक, एमसीए अधिकारियों को शुक्रवार को बीएमसी ने पत्र जारी करते हुए तत्काल प्रभाव से स्टेडियम को क्वारंटाइन सेंटर के लिए सौंपने के लिए कहा है।

स्टेडियम को सौंपने के लिए तैयार है MCA 

ए वार्ड के सहायक आयुक्त चंदा आर जाधव द्वारा जारी किए गए पत्र में कहा गया है, “परिसर का इस्तेमाल ए वार्ड के आपातकालीन कर्मचारियों के लिए किया जाएगा और जो लोग COVID-19 रोगियों के संपर्क में आए हैं और रोगसूचक नहीं हैं उनको स्टेडियम में क्वारंटाइन किया जाएगा।” एमसीए के सचिव संजय नाइक ने कहा है कि क्रिकेट संघ सहायक आयुक्त के आदेशों का पालन करेगा।

शहर में जल्द ही मानसून से पहले वर्षा होने की उम्मीद है। ऐसे में बीएमसी मैदान का उपयोग तो नहीं कर सकती, लेकिन प्रेस-बॉक्स, प्रेसिडेंट बॉक्स और कुछ कॉरपोरेट बॉक्स सहित बंद-दरवाजे की सुविधा का उपयोग करने के लिए रखा जा सकता है। बता दें कि मुंबई के इसी स्टेडियम में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआइ का भी दफ्तर है। ऐसे में बीसीसीआइ का ऑफिस भी जल्द नहीं खुल पाएगा। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 27524 एक्टिव केस हैं। यहां 6 हजार से ज्यादा लोगों की जान भी जा चुकी है। 

Related Articles

Back to top button