
दो आशिकों पर हत्या का केस, गर्भवती प्रेमिका के बच्चे का पिता कौन? DNA टेस्ट से खुलेगा राज
कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में पांच माह की गर्भवती 25 वर्षीय युवती का शव मिलने के बाद सनसनी फैल गई। युवती के पिता ने उसके दो प्रेमियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने फतेहपुर के जहानाबाद निवासी प्रांजुल पाल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि पतारा निवासी 50 वर्षीय गोले पांडेय की तलाश में चार टीमें लगाई गई हैं। युवती के गर्भ में पल रहा बच्चा किसका था, यह पता लगाने के लिए पुलिस दोनों आरोपियों के डीएनए नमूने लेकर जांच कराने की तैयारी कर रही है।
तिलसड़ा मोड़ के बगीचे में मिला था शव
घटना पतारा कस्बे के तिलसड़ा मोड़ की है। गुरुवार सुबह 25 वर्षीय युवती का शव एक बगीचे में पड़ा मिला था। उसके चेहरे पर लिपस्टिक से मांग भरी गई थी, माथे पर बिंदी लगी थी और पैरों की तीसरी उंगली में नई बिछिया मिली थी। देर शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवती की मौत जहरीला पदार्थ खाने से होने की बात सामने आई। रिपोर्ट में यह भी पता चला कि वह पांच माह की गर्भवती थी।
दोनों आरोपियों से घटना वाले दिन हुई थी बातचीत
युवती के पिता ने देर रात पतारा निवासी गोले पांडेय और फतेहपुर के जहानाबाद निवासी प्रांजुल पाल के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस जांच में सामने आया कि घटना से एक दिन पहले बुधवार को युवती की दोनों आरोपियों से फोन पर कई बार बातचीत हुई थी। पुलिस के मुताबिक, जहरीला पदार्थ खाने के बाद गोले पांडेय ही युवती को हैलट अस्पताल लेकर गया था।
हिरासत में लिए गए प्रांजुल ने पुलिस को बताया कि उसका ननिहाल पतारा के एक गांव में है। वहां आने-जाने के दौरान उसे युवती के एक दोस्त से उसका मोबाइल नंबर मिला था। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और प्रेम संबंध बन गए। प्रांजुल के मुताबिक, घटना वाले दिन युवती ने उससे रुपये मांगे थे और रुपये न मिलने पर उसने जहरीला पदार्थ खा लिया।
नौकरी दिलाने के बहाने युवती के संपर्क में आया गोले
पुलिस की जांच में सामने आया कि युवती के पिता ने गोले पांडेय का खेत बटाई पर ले रखा था। इसी वजह से गोले का युवती के घर आना-जाना था। परिजनों के मुताबिक, गोले की पत्नी का कई वर्ष पहले निधन हो चुका है और वह अपनी दोनों बेटियों की शादी कर चुका है।
आरोप है कि गोले ने युवती को कानपुर मेट्रो में नौकरी दिलाई और रामादेवी इलाके में एक मकान किराये पर दिलाकर उसे वहां रखा। इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए।
प्रांजुल पर शादी का दबाव बना रही थी युवती
पुलिस जांच के अनुसार, युवती गोले से शादी नहीं करना चाहती थी क्योंकि वह उम्र में काफी बड़ा था। बताया जा रहा है कि युवती प्रांजुल से शादी करना चाहती थी और उस पर शादी के लिए दबाव बना रही थी, लेकिन प्रांजुल इसके लिए तैयार नहीं था।
प्रांजुल कानपुर देहात के रनियां क्षेत्र की एक फैक्ट्री में 12 हजार रुपये महीने की नौकरी करता है और बिधनू निवासी अपने बहनोई के घर रहता है। पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन युवती और प्रांजुल के बीच करीब 1400 सेकंड तक बातचीत हुई थी, जबकि गोले के साथ करीब 600 सेकंड बातचीत हुई।
डीएनए जांच से सामने आएगा बच्चे के पिता का सच
पुलिस अब इस मामले में गर्भस्थ शिशु के पिता की पहचान के लिए डीएनए जांच कराने की तैयारी कर रही है। पुलिस के अनुसार, युवती के दोनों आरोपियों से संबंध होने की बात सामने आई है। हिरासत में लिया गया प्रांजुल भी गर्भस्थ शिशु के पिता को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रहा है। एसीपी के मुताबिक, दोनों के डीएनए नमूने लेकर गर्भस्थ शिशु के नमूने से मिलान कराया जाएगा।
11 जुलाई को परिजनों ने घर से निकाला था
पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि युवती को 11 जुलाई को उसके परिजनों ने घर से निकाल दिया था। गर्भवती होने के बाद वह परेशान चल रही थी। पुलिस के मुताबिक, गोले उसकी मदद कर रहा था, जबकि प्रांजुल की ओर से उसे कथित तौर पर कोई मदद नहीं मिल रही थी। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों की भूमिका, युवती की मौत और घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।



