मध्य प्रदेशराज्य

राष्ट्रीय अध्यक्ष का भव्य स्वागत, भाजपाध्यक्ष जेपी नड्डा के बुलंद तेवर

भोपाल : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा है कि हमारी पार्टी कार्यकर्ताओं की बदौलत इस मुकाम पर है और अब भाजपा से मुकाबला करने के लिए दूसरे दलों को चार-चार पीढ़ियां खपानी पड़ेंगी। उन्होंने कहा कि बीजेपी के लिए राष्ट्र सर्वोपरि है। हमारे पास इसके लिए नीति भी है और नीयत भी है। भाजपा सबका साथ और सबका विश्वास लेकर चलने वाला दल है और इसीलिए देश तेजी से आगे बढ़ रहा है।

राजधानी के स्टेट हैंगर पर कार्यकर्ताओं के स्वागत कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नड्डा ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की प्रशंसा करते हुए कहा कि शिवराज के नेतृत्व में मध्यप्रदेश तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि आगे बढ़ते चलो, आगे चलते चलो और पूरी ताकत से काम पर जुटे रहो। उन्होंने कहा कि राजा भोज की नगरी भोपाल में हुआ उनका स्वागत व्यक्तिगत नहीं बल्कि करोड़ों कार्यकर्ताओं की विचारधारा का स्वागत है। यह सब कार्यकर्ताओं की बदौलत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2023 के लिए पूरी तरह के कमर कस कर काम करने को भी कहा।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस मौके पर कहा कि मध्यप्रदेश में हो रहे स्थानीय निकाय चुनाव में भाजपा जीत दर्ज करेगी। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कार्यकर्ताओं की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया। नड्डा ने ईदगाह हिल्स स्थित गुरुद्वारा नानक टेकरी पहुंचकर मत्था टेका। वहां से शहीद स्मारक पहुंचकर उन्होंने शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की। फिर सात नं. स्टाप स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के भोपाल आगमन पर पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। मंत्रियों, कार्यकर्ताओं, प्रदेश भाजपा कोर ग्रुप और प्रदेश पदाधिकारियों व कार्यसमिति को संबोधित करने पहुंचे नड्डा के स्वागत के लिए स्टेट हैंगर से बीजेपी दफ्तर तक पोस्टर बैनर और होर्डिंग की भरमार रही। तीन दिन के प्रवास पर आए नड्डा का स्वागत करने पहुंचे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव समेत अन्य नेता पूरे समय उनके साथ रहे। नड्डा ने बीजेपी दफ्तर पहुंचने के बाद पहले शिवराज कैबिनेट के मंत्रियों के साथ संवाद किया। इस मौके पर संगठन की ओर से मिले मंत्रियों के कामकाज के फीडबैक पर चर्चा करने के साथ नड्डा ने आगामी चुनावों को लेकर संगठन और सरकार की प्राथमिकताओं पर केंद्रीय नेतृत्व की मंशा से अवगत कराया। नड्डा मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में वृहद प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में चुनावी पैगाम देने वाले हैं। इस बैठक में बीजेपी संगठन की हर इकाई के पदाधिकारी मौजूद रहे।

राष्ट्रीय अध्यक्ष का जबलपुर पहुंचने पर विमानतल से संभागीय कार्यालय के बीच विभिन्न स्थानों पर भव्य स्वागत होगा। इसके बाद विधानसभा के शहीद भगत सिंह मंडल के बूथ क्रमांक 106 में आयोजित बूथ बैठक में भाग लेंगे और पश्चिम विधानसभा के रानी दुर्गावती मंडल स्थित रायल स्कूल संजीवनी नगर गढा में मंडल बैठक को संबोधित करेंगे। नड्डा इसके बाद संभागीय पार्टी कार्यालय में कोर ग्रूप की बैठक में भाग लेंगे। इसके उपरांत संभागीय कार्यालय में आर्थिक टोली एवं सोशल मीडिया समूह की बैठक में शामिल होंगे।

Related Articles

Back to top button