अन्तर्राष्ट्रीय

भारत-इटली संबंधों में नई ऊंचाई: पीएम मोदी ने किया ‘स्पेशल स्ट्रैटजिक पार्टनरशिप’ का ऐलान, मेलोनी को कहा धन्यवाद

रोम: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने इटली दौरे का समापन करते हुए भारत और इटली के द्विपक्षीय संबंधों को एक नए स्तर पर पहुंचाने की घोषणा की है। इस यात्रा के दौरान दोनों देशों ने अपने रिश्तों को “स्पेशल स्ट्रैटजिक पार्टनरशिप” का दर्जा देने पर सहमति जताई, जिसे भविष्य में सहयोग की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने इटली सरकार, प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी और वहां के लोगों का गर्मजोशी और मित्रता के लिए आभार जताते हुए कहा कि यह दौरा दोनों देशों के संबंधों को नई गति देने वाला साबित हुआ है।

‘मेलोडी मोमेंट’ बना चर्चा का केंद्र

पीएम मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की मुलाकात के दौरान कई अनौपचारिक और हल्के-फुल्के पल भी देखने को मिले, जिनमें सबसे ज्यादा चर्चा “मेलोडी मोमेंट” की रही। इस दौरान पीएम मोदी द्वारा मेलोनी को “मेलोडी” टॉफी भेंट करने का दृश्य सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ।

रोम में दोनों नेताओं के साथ डिनर, एक ही कार में यात्रा और ऐतिहासिक कोलोसियम में ली गई तस्वीरों ने भी इस दौरे को खास बना दिया।

कई अहम क्षेत्रों में सहयोग पर सहमति

दोनों देशों के बीच हुई उच्चस्तरीय वार्ता में व्यापार, रक्षा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, ऊर्जा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), अंतरिक्ष, शिक्षा, संस्कृति और निवेश जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर साझा संदेश में कहा कि उनकी बातचीत में इन सभी क्षेत्रों को शामिल किया गया और यह निर्णय भविष्य में भारत-इटली संबंधों को नई दिशा देगा।

2030 तक 20 अरब यूरो व्यापार लक्ष्य

दौरे के दौरान दोनों देशों ने आर्थिक संबंधों को मजबूत करने पर भी जोर दिया। भारत और इटली ने वर्ष 2029 तक द्विपक्षीय व्यापार को 20 अरब यूरो तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है। साथ ही सप्लाई चेन मजबूत करने और निजी निवेश को बढ़ावा देने पर भी सहमति बनी।

हाल ही में भारत और यूरोपीय संघ (EU) के बीच FTA वार्ता पूरी होने के बाद यह आर्थिक साझेदारी और मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है।

वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा

विदेश मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी सिबी जॉर्ज के अनुसार, दोनों नेताओं के बीच पश्चिम एशिया की स्थिति और रूस-यूक्रेन युद्ध सहित कई वैश्विक मुद्दों पर भी विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान कई महत्वपूर्ण समझौते (MoUs) भी किए गए, जिनमें रक्षा, कृषि, शिक्षा, संस्कृति और कनेक्टिविटी जैसे क्षेत्र शामिल हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि यह यात्रा भारत-इटली संबंधों को नई ऊर्जा देने वाली साबित हुई है और आने वाले वर्षों में दोनों देशों के बीच सहयोग और मजबूत होगा।

Related Articles

Back to top button