
योगी सरकार में नए मंत्रियों को मिला विभागों का बंटवारा, भूपेंद्र चौधरी संभालेंगे MSME; जानिए किसे मिली कौन सी जिम्मेदारी
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में हाल ही में शामिल किए गए नए मंत्रियों के विभागों का बंटवारा कर दिया गया है। राज्यपाल की मंजूरी के बाद सरकार ने आधिकारिक सूची जारी करते हुए आठ मंत्रियों को अलग-अलग विभागों की जिम्मेदारी सौंपी है। विभागों के आवंटन के साथ ही अब सभी नए मंत्री जल्द अपने-अपने मंत्रालयों का कार्यभार संभालेंगे।
सरकार की ओर से जारी सूची के मुताबिक, भूपेंद्र चौधरी को सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग यानी MSME मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं मनोज पाण्डेय को खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति विभाग सौंपा गया है।
इन मंत्रियों को मिली अहम जिम्मेदारी
अजीत सिंह पाल को राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग दिया गया है। वहीं सोमेंद्र तोमर को राजनैतिक पेंशन, सैनिक कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा कृष्ण पासवान को पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग दिया गया है। कैलाश सिंह राजपूत को ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग की जिम्मेदारी मिली है। सुरेन्द्र दिलेर को राजस्व विभाग सौंपा गया है, जबकि हंसराज विश्वकर्मा को MSME विभाग में राज्य मंत्री बनाया गया है।
सरकार बोली- प्रशासनिक कामकाज में आएगी तेजी
योगी सरकार का कहना है कि नए चेहरों को जिम्मेदारी देने का उद्देश्य प्रशासनिक कामकाज में तेजी लाना और विभागीय कार्यों को अधिक प्रभावी बनाना है। हाल ही में छह नए मंत्रियों ने सीधे मंत्री पद की शपथ ली थी, जबकि दो राज्य मंत्रियों को प्रमोट कर राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया था।
सीएम योगी के पास ही रहेगा PWD विभाग
मंत्रियों के विभागों के बंटवारे के बीच सबसे ज्यादा चर्चा लोक निर्माण विभाग यानी PWD को लेकर रही। सरकार ने इस बार PWD विभाग किसी नए मंत्री को नहीं सौंपा है और यह विभाग मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने पास ही रखेंगे।
योगी सरकार के पहले कार्यकाल में केशव प्रसाद मौर्य और दूसरे कार्यकाल में जितिन प्रसाद PWD मंत्री रह चुके हैं, लेकिन इस बार मुख्यमंत्री ने यह अहम विभाग खुद संभालने का फैसला किया है।
जानिए किस मंत्री को मिला कौन सा विभाग
भूपेंद्र चौधरी — मंत्री
विभाग: सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME)
मनोज पाण्डेय — मंत्री
विभाग: खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति
अजीत सिंह पाल — राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)
विभाग: खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन
सोमेंद्र तोमर — राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)
विभाग: राजनैतिक पेंशन, सैनिक कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल
कृष्ण पासवान — राज्य मंत्री
विभाग: पशुधन एवं दुग्ध विकास
कैलाश सिंह राजपूत — राज्य मंत्री
विभाग: ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत
सुरेन्द्र दिलेर — राज्य मंत्री
विभाग: राजस्व
हंसराज विश्वकर्मा — राज्य मंत्री
विभाग: सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम



