उत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़ब्रेकिंगराजनीतिराज्य

मिसेज सिन्हा के साथ कोई नहीं

मुंबई। भारतीय जनता पार्टी छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने वाले शत्रुघ्न सिन्हा का पटना साहिब से जैसे ही टिकट पक्का हुआ, उसके कुछ ही दिनों बाद अचानक ही उनकी पत्नी पूनम सिन्हा के समाजवादी पार्टी में शामिल होने की खबर ने हर किसी को चौंका दिया। पार्टी में शामिल होने के दो दिन के अंदर पूनम सिन्हा को लखनऊ सीट से समाजवादी पार्टी का टिकट दे दिया गया, जहां से केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह मैदान में हैं।

कांग्रेस ने भी इस सीट से अपना प्रत्याशी मैदान में उतारा है। पूनम सिन्हा के पहले रोड शो में खुद शत्रुघ्न सिन्हा मौजूद रहे, लेकिन उसके बाद से पूनम सिन्हा और उनके चुनावी अभियान की खबरें मीडिया से नदारद हैं। ये बात इसलिए ज्यादा अहम हो जाती है, क्योंकि लखनऊ सीट पर अगले सोमवार को पांचवे चरण के मतदान में वोटिंग होनी है और इसके लिए शुक्रवार को चुनाव प्रचार का काम बंद हो जाएगा।

लखनऊ सीट पर मतदान के कुछ दिन ही शेष हैं और इस सीट के लिए पूनम सिन्हा का चुनावी अभियान सुस्त है, तो इसका दोषी शत्रुघ्न सिन्हा को माना जा रहा है, जो इस सीट पर चुनाव प्रचार के लिए दो दिन आने वाले थे, लेकिन नहीं हुआ। ये भी माना जा रहा था कि इस सीट पर उनकी कैंपेन के लिए बालीवुड से वे सितारे भी लखनऊ पंहुचेंगे, जिनके साथ सिन्हा परिवार के करीबी रिश्ते रहे हैं, लेकिन अभी तक ऐसा कुछ नहीं हुआ। बालीवुड से सिर्फ एक उम्मीद बची है कि पूनम सिन्हा की बेटी सोनाक्षी लखनऊ आकर मां के लिए प्रचार करें, हालांकि मुंबई में सोनाक्षी की मीडिया टीम इस बारे में साफ साफ कुछ नहीं कह रही है। (हि स)

Related Articles

Back to top button