इंदौर में यशवंत क्लब की दीवार पर PM मोदी के आपत्तिजनक चित्र और नारे, मचा बवाल; पुलिस जांच में जुटी, निगम ने तुरंत पुतवाई दीवार

इंदौर: शहर के यशवंत क्लब की बाउंड्रीवाल पर शनिवार सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जुड़े कथित आपत्तिजनक चित्र और नारे लिखे मिलने के बाद हंगामा खड़ा हो गया। मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने सबसे पहले दीवार पर बने चित्र और लिखे गए नारों को देखा, जिसके बाद इसकी जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे, जबकि नगर निगम की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दीवार पर बने चित्रों और नारों को पुतवा दिया।
बताया गया कि यशवंत क्लब की बाउंड्रीवाल के आसपास कुछ स्थानों पर प्रधानमंत्री मोदी के साथ अडानी और अंबानी के चित्रों को आपत्तिजनक तरीके से दर्शाया गया था। इसके साथ ही अंग्रेजी में कुछ आपत्तिजनक नारे भी लिखे गए थे, जिन्हें देखकर स्थानीय लोग हैरान रह गए।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे पुलिस और अधिकारी
घटना की जानकारी मिलते ही तुकोगंज थाना पुलिस पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान पाया कि करीब चार से पांच स्थानों पर इस तरह के नारे लिखे गए थे और चित्र बनाए गए थे। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी।
नगर निगम ने तुरंत हटवाए चित्र और नारे
मामले की सूचना मिलने के बाद नगर निगम के अधिकारियों ने मौके पर पेंटर बुलाकर दीवारों पर बने चित्रों और लिखे गए नारों को तुरंत पुतवा दिया। इसी तरह वायएन रोड स्थित कल्पतरु बिल्डिंग के आसपास भी ऐसे ही नारे लिखे मिले, जिन्हें निगम की टीम ने हटाने की कार्रवाई की।
रात में घटना को अंजाम दिए जाने की आशंका
पुलिस के प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, यशवंत क्लब की बाउंड्रीवाल पर यह कृत्य संभवतः देर रात अज्ञात लोगों द्वारा किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण कर चुके हैं और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल जारी है।



