
अररिया: बिहार के अररिया जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पलासी थाना क्षेत्र में एक पति अपनी पत्नी को खरीदारी कराने के बहाने बाजार ले गया, लेकिन रास्ते में हुए विवाद के बाद उसने कथित तौर पर पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी शव को बांस की झाड़ी में फेंककर अपने चार वर्षीय बेटे के साथ फरार हो गया।
मृतका की पहचान मजलिसपुर पंचायत के पनडुब्बी गांव निवासी 27 वर्षीय नविता देवी के रूप में हुई है। गुरुवार सुबह कनखुदिया-गंगझली मार्ग स्थित सुरकिया धार के समीप बांस की झाड़ी में महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चार साल का बेटा भी था साथ, फिर हुआ दर्दनाक घटनाक्रम
जानकारी के अनुसार घटना के समय दंपति का चार वर्षीय बेटा भी उनके साथ मौजूद था। बताया जा रहा है कि बुधवार को आरोपी पति गौरव मंडल पंजाब से घर लौटा था। उसने पत्नी को खरीदारी कराने का भरोसा दिया और उसे कलियागंज बाजार ले जाने के लिए तैयार किया।
नविता देवी अपने चार वर्षीय बेटे आर्यन के साथ पति के साथ बाजार के लिए निकली थी। आरोप है कि रास्ते में किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद गौरव मंडल ने कथित तौर पर पहले पत्नी के साथ मारपीट की और फिर उसका गला दबाकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद झाड़ी में फेंका शव, आरोपी फरार
परिजनों का आरोप है कि हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी ने शव को बांस की झाड़ी में फेंक दिया और अपने बेटे को साथ लेकर मौके से फरार हो गया। शव मिलने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
दो साल से मायके में रह रही थी महिला
परिवार के अनुसार नविता देवी पिछले करीब दो वर्षों से अपने तीन बच्चों के साथ पीपरा बिजवार स्थित मायके में रह रही थीं। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। आरोप है कि पति की प्रताड़ना से परेशान होकर वह मायके में रहने को मजबूर हो गई थी।
मृतका के पिता विद्यानंद मंडल ने बताया कि करीब सात वर्ष पहले नविता की शादी गौरव मंडल से हुई थी। शुरुआती वर्षों में वैवाहिक जीवन सामान्य रहा, लेकिन बाद में पति का व्यवहार बदल गया और वह लगातार प्रताड़ित करने लगा। पंचायत स्तर पर कई बार समझौते के प्रयास भी किए गए, लेकिन विवाद खत्म नहीं हो सका।
हत्या का केस दर्ज, आरोपी की तलाश में पुलिस
पलासी थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि मृतका के पिता के बयान के आधार पर आरोपी पति गौरव मंडल के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी अपने चार वर्षीय बेटे के साथ फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



