उत्तर प्रदेशराज्य

कैंची धाम जा रहे श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत, हाईवे पर खड़े ट्रक में 100 की रफ्तार से घुसी इनोवा; 4 दोस्तों की मौत, 3 जिंदगी की जंग लड़ रहे

लखनऊ: उत्तराखंड स्थित कैंची धाम दर्शन के लिए निकले श्रद्धालुओं की यात्रा बाराबंकी में दर्दनाक हादसे में बदल गई। हैदरगढ़ क्षेत्र में तेज रफ्तार इनोवा कार हाईवे पर खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए। इस हादसे में चार दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, हादसा सोमवार देर रात करीब दो बजे हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र के भिखरा गांव के पास हुआ। इनोवा सवार सभी लोग उत्तराखंड के कैंची धाम दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार सुल्तानपुर से लखनऊ की ओर जा रहे ट्रक के पीछे जा भिड़ी। प्रारंभिक जांच में कार की रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटा बताई जा रही है।

टक्कर इतनी जबरदस्त कि उड़ गए कार के परखच्चे

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग घबराकर मौके की ओर दौड़ पड़े। हादसे के बाद कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें बैठे लोग अंदर ही फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों और शवों को बाहर निकाला गया।

हादसे में चंदौली जिले के मुगलसराय निवासी राहुल कुमार (29), गाजीपुर निवासी राहुल सिंह (30), बलिया निवासी सत्यम सिंह (30) और सुल्तानपुर निवासी सूरज मिश्रा (31) की मौके पर ही मौत हो गई।

तीन घायलों की हालत नाजुक, ट्रॉमा सेंटर रेफर

हादसे में घायल तीन अन्य लोगों को पहले हैदरगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उन्हें लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, घायलों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में हादसे की मुख्य वजह तेज रफ्तार और नियंत्रण खोना सामने आया है।

कैंची धाम जाते वक्त खत्म हो गया सफर

हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि सभी दोस्त श्रद्धा के साथ कैंची धाम दर्शन के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में ही दर्दनाक हादसे का शिकार हो गए। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

Related Articles

Back to top button