उत्तर प्रदेशराज्य

उन्नाव में दर्दनाक सड़क हादसा: बारात में जा रहे युवकों को तेज रफ्तार बोलेरो ने मारी टक्कर, 4 दोस्तों की मौत

उन्नाव: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में खुशियों का माहौल पलभर में मातम में बदल गया। बारात में शामिल होने जा रहे युवकों की बाइक को तेज रफ्तार बोलेरो ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में 4 युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया।

पुलिस के मुताबिक घटना बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र में बांगरमऊ-संडीला मार्ग पर देर रात हुई। बताया जा रहा है कि दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर 5 युवक एक बारात में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बोलेरो जीप ने दोनों बाइकों को टक्कर मार दी।

अस्पताल पहुंचते ही युवक ने तोड़ा दम

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांगरमऊ पहुंचाया गया। पुलिस क्षेत्राधिकारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि अस्पताल पहुंचने पर अभिषेक (25) को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

हादसे में आकाश (22), होरीलाल (27), अनुज कुमार (29) और भीष्म गंभीर रूप से घायल हो गए थे। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया।

इलाज के दौरान तीन और युवकों की मौत

लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान आकाश, होरीलाल और अनुज कुमार ने भी दम तोड़ दिया। वहीं घायल भीष्म का इलाज अभी जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि गड्ढे में पलट गई बोलेरो

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बोलेरो की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों मोटरसाइकिलें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने दर्ज किया केस

पुलिस ने बताया कि बेहटा मुजावर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।

Related Articles

Back to top button