टॉप न्यूज़राज्यराष्ट्रीय

राजा महेंद्र प्रताप सिंह विवि का शिलान्यास आज, कुछ देर अलीगढ़ पहुंचेंगे पीएम मोदी

अलीगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब से कुछ देर बाद अलीगढ़ पहुंचेंगे और यहां के महान स्वतंत्रता सेनानी, शिक्षाविद् और समाज सुधारक राजा महेन्द्र प्रताप सिंह जी के नाम पर एक नए विश्वविद्यालय के शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने खुद ट्विट कर यह जानकारी दी है कि देश के शिक्षा जगत के लिए मंगलवार का दिन बेहद महत्वपूर्ण है। दोपहर 12 बजे उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में महान स्वतंत्रता सेनानी, शिक्षाविद् और समाज सुधारक राजा महेन्द्र प्रताप सिंह जी के नाम पर एक नए विश्वविद्यालय के शिलान्यास का सुअवसर प्राप्त होगा।

प्रधानमंत्री मोदी के दौरे से पहले सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अलीगढ़ का दौरा किया था और प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से संबंधित तैयारियों का जायजा लिया था। वहीं राज्य के डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा ने कहा कि महान स्वतंत्रता सेनानी राजा महेंद्र प्रताप सिंह के नाम पर राज्य सरकार विश्वविद्यालय की स्थापना करके उस महान हस्ती को श्रद्धांजलि दे रही है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपने जीवन के तीन दशक निर्वासित होकर बिताया था।

राजा महेंद्र प्रताप सिंह का जन्म 1 दिसंबर 1886 को हाथरस जिले के मुरसान जमीदार रियासत में शाही परिवार में हुआ था। राजा महेंद्र प्रताप सिंह राजा घनश्याम सिंह की तीसरी संतान थे। शुरुआती पढ़ाई अलीगढ़ के सरकारी स्कूल में हुई लेकिन उन्हें जल्दी ही मुहम्मदन एंग्लो ओरिएंटल कॉलेज स्कूल (MAO) में भर्ती कर दिया गया, इस कॉलेज को ही आजकल अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के नाम से जाना जाता है, यहां इन्हें यूनिवर्सिटी के संस्थापक सर सैयद अहमद खान से शिक्षा मिली। बाद में राजा महेन्द्र प्रताप सिंह स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ गए थे और राजा महेंद्र प्रताप सिंह वर्ष 1915 में काबुल में स्थापित भारत की पहली प्रोविजनल सरकार के राष्ट्रपति भी थे। राजा महेन्द्र प्रताप सिंह ने तब उस सरकार का गठन विभिन्न अफगान कबीलों के प्रमुखों तथा जापान समेत कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों की मदद से किया गया था।

राजा महेंद्र प्रताप विश्वविद्यालय का शिलान्यास करने के साथ ही प्रधानमंत्री मोदी अलीगढ़ में उत्तर प्रदेश डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर का भी अवलोकन करेंगे। उत्तर प्रदेश में डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर की स्थापना की घोषणा प्रधानमंत्री ने 21 फरवरी, 2018 को लखनऊ में आयोजित उत्तर प्रदेश निवेशक सम्मेलन में की थी। इस डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर से 6 शहरों अलीगढ़, आगरा, कानपुर, चित्रकूट, झांसी और लखनऊ को जोड़ने की जोड़ने की योजना बनाई गई है।

Related Articles

Back to top button