नीदरलैंड में पीएम मोदी का बड़ा संदेश, बोले- अब दुनिया में सबसे तेज और सर्वश्रेष्ठ बनने की ओर बढ़ रहा है भारत

द हेग: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को नीदरलैंड में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए बदलते भारत, तकनीकी प्रगति और वैश्विक स्तर पर देश की बढ़ती पहचान का विस्तार से जिक्र किया। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि आज का भारत केवल बदलाव तक सीमित नहीं है, बल्कि दुनिया में सबसे बेहतर और सबसे तेज बनने का सपना लेकर आगे बढ़ रहा है। उनके संबोधन को सुनने के लिए बड़ी संख्या में प्रवासी भारतीय मौजूद रहे और पूरे कार्यक्रम में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय समुदाय के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि नीदरलैंड के समाज और अर्थव्यवस्था में भारतीयों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि हर भारतीय को इस बात पर गर्व है कि प्रवासी भारतीय विदेशों में भी अपनी मेहनत और संस्कारों से भारत का नाम रोशन कर रहे हैं। पीएम मोदी ने नीदरलैंड की जनता और सरकार का भी आभार जताया और 140 करोड़ भारतीयों की ओर से शुभकामनाएं दीं।
‘दुनिया बदली लेकिन भारतीय संस्कार नहीं बदले’
प्रधानमंत्री ने कहा कि इतिहास इस बात का गवाह है कि समय के साथ कई संस्कृतियां समाप्त हो गईं, लेकिन भारत की विविध संस्कृति आज भी लोगों के दिलों में जीवित है। उन्होंने कहा कि पीढ़ियां बदलीं, देश बदले और परिवेश भी बदला, लेकिन भारतीय परिवारों के संस्कार और अपनापन आज भी वैसा ही बना हुआ है। पीएम मोदी ने प्रवासी भारतीयों की मातृभाषा और संस्कृति से जुड़े रहने की भी सराहना की।
16 मई को बताया ऐतिहासिक दिन
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने 16 मई की तारीख का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि यह दिन भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में बेहद अहम है। उन्होंने कहा कि 16 मई 2014 को लोकसभा चुनाव के परिणाम आए थे, जिसके बाद दशकों बाद देश में पूर्ण बहुमत वाली स्थिर सरकार बनी थी। पीएम मोदी ने कहा कि करोड़ों भारतीयों का विश्वास उन्हें लगातार काम करने की प्रेरणा देता है।
‘भारत को सिर्फ बदलाव नहीं, सबसे बेहतर बनना है’
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज भारत बड़े सपने देख रहा है और देश अब केवल परिवर्तन नहीं, बल्कि दुनिया में सर्वश्रेष्ठ और सबसे तेज बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जब देश की आकांक्षाएं असीमित हैं, तो प्रयास भी असीमित हो रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत का युवा नई ऊंचाइयों को छूना चाहता है और देश अभूतपूर्व परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है।
उन्होंने हाल ही में भारत में आयोजित दुनिया की सबसे बड़ी एआई समिट और जी-20 सम्मेलन का जिक्र करते हुए कहा कि भारत अब वैश्विक मंच पर नेतृत्वकारी भूमिका निभा रहा है।
भारत बना इनोवेशन और टेक्नोलॉजी पावर
प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते वर्षों में भारत ने धरती से चंद्रमा की दूरी से भी 11 गुना ज्यादा ऑप्टिकल फाइबर बिछाने का काम किया है। उन्होंने बताया कि एक दशक पहले भारत मोबाइल फोन आयात करता था, जबकि आज देश दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता बन चुका है।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत अब इनोवेशन और डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में दुनिया के लिए उदाहरण बन रहा है। उन्होंने कहा कि भारत सेमीकंडक्टर सेक्टर में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है और देश में 12 सेमीकंडक्टर प्लांट्स पर काम जारी है। इनमें से दो प्लांट्स में उत्पादन भी शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में चिप भी “डिजाइन्ड इन इंडिया” और “मेड इन इंडिया” होगी।



