
सहारनपुर में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस-मुठभेड़, 25 हजार का इनामी बदमाश घायल होकर गिरफ्तार
सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान उसके एक साथी को भी दबोच लिया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार और बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, बेहट थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा था। शुक्रवार रात जनता रोड स्थित शाहपुर मोड़ पर पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक वहां पहुंचे। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों मौके से भागने लगे।
पीछा करने पर बदमाशों ने शुरू की फायरिंग
बेहट की पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रिया यादव ने बताया कि पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों का पीछा किया। कुछ दूरी पर उनकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। खुद को घिरता देख दोनों बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में खिडका भटकव्वा निवासी आसिफ के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। उसके साथी आदिल को भी पुलिस ने दबोच लिया।
अवैध हथियार और बिना नंबर बाइक बरामद
पुलिस के अनुसार, आसिफ के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा और बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की गई। वहीं, दूसरे आरोपी आदिल के पास से भी अवैध तमंचा, एक कारतूस और एक खोखा कारतूस मिला है।
गोकशी समेत कई मामलों में दर्ज हैं मुकदमे
सीओ प्रिया यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी आसिफ पर गोकशी, मारपीट और शस्त्र अधिनियम समेत आठ मुकदमे दर्ज हैं। वह बेहट थाने में दर्ज गोकशी के एक मामले में वांछित चल रहा था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। वहीं, उसके साथी आदिल के खिलाफ जिले के अलग-अलग थानों में चार आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।



