जिंदा व्यक्ति को पुलिस ने बता दिया मृत! सोशल मीडिया पर फैल गई मौत की खबर, अंतिम संस्कार की तैयारी कर अस्पताल पहुंचे रिश्तेदार

खरगोन: मध्य प्रदेश के खरगोन जिला अस्पताल से पुलिस की एक ऐसी लापरवाही सामने आई है, जिसने एक परिवार और पूरे समाज को सकते में डाल दिया। अस्पताल में भर्ती राजेंद्र चौहान को एक पुलिसकर्मी ने बिना पुष्टि किए मृत बता दिया। मौत की खबर सुनते ही परिवार और रिश्तेदारों में शोक छा गया। खरगोन के अलावा बड़वानी और खंडवा से भी लोग अंतिम संस्कार की तैयारी करके अस्पताल पहुंचने लगे। लेकिन वहां पहुंचने पर उन्हें पता चला कि राजेंद्र की मौत नहीं हुई है और उनका इलाज जारी है। मामले में शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक ने जांच के आदेश दिए हैं।
तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
यह मामला खरगोन जिला अस्पताल की पुलिस चौकी से जुड़ा है। वासुदेव समाज के अध्यक्ष चंदन चौहान ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने जिला अस्पताल पुलिस चौकी में पदस्थ प्रधान आरक्षक वहाब खान सहित तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में जितेंद्र रावत और माधव सिंह के नाम भी शामिल हैं।
चंदन चौहान का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने अस्पताल से जानकारी की पुष्टि किए बिना ही राजेंद्र चौहान को मृत घोषित कर दिया। इस गलत सूचना के कारण परिवार और समाज के लोगों को भारी मानसिक परेशानी से गुजरना पड़ा।
फोन पर मिली मौत की खबर, सोशल मीडिया पर फैल गई सूचना
चंदन चौहान के मुताबिक, रविवार शाम करीब 4 बजकर 40 मिनट पर प्रधान आरक्षक वहाब खान और पुलिस कंट्रोल रूम की ओर से उन्हें फोन आया था। फोन पर बताया गया कि राजेंद्र चौहान की मौत हो गई है। साथ ही कहा गया कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद रविवार सुबह शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
इस सूचना को सही मानकर चंदन चौहान ने सोशल मीडिया समूहों में राजेंद्र की मौत की खबर साझा कर दी। देखते ही देखते रिश्तेदारों और समाज के लोगों तक यह सूचना पहुंच गई। इसके बाद कई लोग अंतिम संस्कार की तैयारी करके खरगोन जिला अस्पताल पहुंचने लगे।
अस्पताल पहुंचे तो जिंदा मिले राजेंद्र चौहान
जब परिवार और समाज के लोग अस्पताल पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर सभी हैरान रह गए। जिस राजेंद्र चौहान की मौत की सूचना दी गई थी, वह जीवित थे और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। यह सच्चाई सामने आते ही वहां मौजूद लोगों के होश उड़ गए।
इसके बाद पुलिस की ओर से दी गई जानकारी और बिना पुष्टि के मौत की खबर फैलने को लेकर सवाल उठने लगे। परिवार और समाज के लोगों ने इस मामले में संबंधित पुलिसकर्मियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।
एक महीने पहले महेश्वर से अस्पताल लाया गया था मरीज
जैतापुर थाना प्रभारी सुदर्शन कलोसिया ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि करीब एक महीने पहले महेश्वर से एक अज्ञात बीमार व्यक्ति को खरगोन जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। बाद में चंदन चौहान ने उसकी पहचान अपने परिचित राजेंद्र चौहान के रूप में की थी।
थाना प्रभारी के अनुसार, मरीज को 19 नवंबर को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी, लेकिन तबीयत बिगड़ने पर उसे दोबारा अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
व्हाट्सएप समूह के संदेश को पूरा पढ़े बिना किया फोन
थाना प्रभारी ने बताया कि मरीज की भर्ती से जुड़ी जानकारी उसकी तस्वीर के साथ पुलिस के व्हाट्सएप समूह में साझा की गई थी। आरोप है कि प्रधान आरक्षक वहाब खान ने संदेश को पूरा पढ़े बिना ही चंदन चौहान को फोन कर दिया और अस्पताल से पुष्टि किए बगैर मरीज की मौत की सूचना दे दी।
इस गलत जानकारी के कारण परिवार और समाज के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
एसपी ने दिए जांच के आदेश
पुलिस अधीक्षक रवींद्र वर्मा ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल एक गलत फोन कॉल के कारण फैली मौत की खबर ने पुलिस की सूचना व्यवस्था और जिम्मेदारी निभाने के तरीके पर सवाल खड़े कर दिए हैं।



