मध्य प्रदेश

भोपाल में किसान आंदोलन पर सियासत तेज, कांग्रेस के आरोपों पर कृषि मंत्री का पलटवार; बोले- किसानों की आड़ में राजनीति न करें

भोपाल: मध्य प्रदेश में समर्थन मूल्य पर मूंग की पूरी उपज खरीदे जाने की मांग को लेकर किसानों का आंदोलन राजनीतिक रंग लेता नजर आ रहा है। नर्मदापुरम से मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच करने निकले किसान मंगलवार शाम भोपाल पहुंच गए, जहां देर रात तक वे सड़कों पर डटे रहे। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर कांग्रेस सरकार पर लगातार हमलावर है, जबकि राज्य सरकार की ओर से कृषि मंत्री ने विपक्ष पर किसानों के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया है।

कांग्रेस ने सरकार की नीतियों पर उठाए सवाल

किसानों के आंदोलन को लेकर कांग्रेस ने मुख्यमंत्री मोहन यादव सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कृषि मंत्री कंषाना पर भी सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार किसानों की मांगों को गंभीरता से नहीं ले रही है।

कृषि मंत्री ने पत्र और फेसबुक पोस्ट के जरिए दिया जवाब

कांग्रेस के आरोपों पर कृषि मंत्री कंषाना ने पत्र और फेसबुक पोस्ट के माध्यम से प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा कि जीतू पटवारी किसानों की आड़ में राजनीति करने से बचें। मंत्री ने कहा कि कांग्रेस किसानों को भड़काकर भोपाल का माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रही है, लेकिन उसे इसमें सफलता नहीं मिलेगी।

सरकार का दावा- किसानों के लिए हमेशा खुले हैं दरवाजे

कृषि मंत्री ने अपने संदेश में कहा कि मध्य प्रदेश सरकार किसानों के हितों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और सरकार के दरवाजे हमेशा किसानों के लिए खुले हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या का समाधान बातचीत से निकाला जा सकता है, विवाद से नहीं।

किसान कल्याण वर्ष का किया उल्लेख

मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस वर्ष को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मना रही है। उनके अनुसार किसानों की आय बढ़ाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में लगातार कार्य किए जा रहे हैं और सरकार किसानों के हित में योजनाओं को आगे बढ़ा रही है।

भोपाल की जनता से जुड़ा संदेश भी दिया

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री कंषाना ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के माध्यम से किसानों की आड़ में भोपाल शहर को अस्त-व्यस्त करने का प्रयास नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा होता है तो इसका जवाब भोपाल की जनता कांग्रेस से ही मांगेगी।

Related Articles

Back to top button