सब इंजीनियर भर्ती में बढ़ेंगे पद, संविदाकर्मियों को मिलेगा 50% आरक्षण; MPESB ने फिर खोले आवेदन

भोपाल: मध्यप्रदेश में सब इंजीनियर, ड्राफ्ट्समैन, लैब टेक्नीशियन समेत अन्य समकक्ष पदों पर भर्ती के लिए अभ्यर्थियों को दोबारा आवेदन करने का मौका मिलेगा। हाईकोर्ट में मामला पहुंचने के बाद जल संसाधन और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग ने पात्र संविदाकर्मियों के लिए 50% आरक्षण का प्रावधान करने का फैसला किया है।
इसके अलावा अलग-अलग विभागों से उपयंत्री के अतिरिक्त पदों की मांग भी प्राप्त हुई है। आरक्षण में बदलाव और पदों की संख्या बढ़ने के चलते मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने समूह-3 संयुक्त भर्ती परीक्षा-2026 के आवेदन फिर से शुरू करने का निर्णय लिया है।
अब अभ्यर्थी 13 से 27 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन पत्र में संशोधन की सुविधा 13 से 28 अक्टूबर तक उपलब्ध रहेगी। परीक्षा दिसंबर 2026 से जनवरी 2027 के बीच प्रस्तावित है। संशोधित नियम पुस्तिका जल्द जारी की जाएगी।
24 संविदाकर्मियों ने हाईकोर्ट में दी थी चुनौती
जल संसाधन और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने 29 अगस्त 2026 को उपयंत्री पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया था। इसमें पात्र संविदाकर्मियों के लिए 50% आरक्षण का प्रावधान नहीं किया गया था।
इस व्यवस्था को जबलपुर के आधारताल निवासी राजू यादव समेत 24 संविदाकर्मियों ने हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। याचिकाकर्ताओं की ओर से अधिवक्ता नवीन सैनी ने 2023 की संशोधित नीति का हवाला देते हुए कहा था कि पात्र संविदाकर्मियों को सीधी भर्ती में 50% आरक्षण दिया जाना है।
सुनवाई से पहले विभाग ने किया भर्ती नियम में बदलाव
इस मामले की सुनवाई जस्टिस विवेक कुमार सिंह की कोर्ट में होनी थी। हालांकि, सुनवाई से पहले ही जल संसाधन और पीएचई विभाग ने संशोधन आदेश जारी कर दिया। संशोधित आदेश में उपयंत्री भर्ती में पात्र संविदाकर्मियों के लिए 50% आरक्षण का प्रावधान शामिल कर दिया गया।
विभाग के नियमों में बदलाव के बाद MPESB ने भी भर्ती प्रक्रिया में संशोधन करते हुए अभ्यर्थियों से दोबारा आवेदन लेने का फैसला किया है।
पहले 1040 पदों के लिए जारी हुआ था विज्ञापन
MPESB ने 18 अगस्त 2026 को समूह-3 संयुक्त भर्ती परीक्षा-2026 का विज्ञापन जारी किया था। इसके तहत 1040 पदों पर भर्ती के लिए 29 अगस्त से 12 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन लिए गए थे।
विज्ञापन जारी होने के बाद विभिन्न विभागों और शासकीय उपक्रमों से उपयंत्री के अतिरिक्त रिक्त पदों के मांगपत्र भी MPESB को प्राप्त हुए। इसी दौरान भर्ती में आरक्षण से जुड़े नियमों में भी बदलाव किया गया।
इन सभी बदलावों को देखते हुए कर्मचारी चयन मंडल ने समूह-3 संयुक्त भर्ती परीक्षा-2026 की प्रक्रिया नए सिरे से आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है।



