National News - राष्ट्रीयPolitical News - राजनीति

‘भारत जोड़ो 2.0’ की तैयारीः लोकसभा का आधी सीटों पर कांग्रेस की नजर

नई दिल्ली : भारत जोड़ो यात्रा खत्म होने के बाद कांग्रेस पश्चिम से पूर्व की यात्रा का खाका तैयार करने में जुट गई है। यह यात्रा पहले चरण के मुकाबले ज्यादा चुनौतीपूर्ण होगी। इसलिए यात्रा शुरू करने से पहले पार्टी समर्थन को वोट में बदलने की रुपरेखा तैयार करेगी। ताकि, लोकसभा चुनाव में इसका लाभ मिल सके। जनवरी में ही पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की अगुवाई में हुई भारत जोड़ो यात्रा के पहले चरण का समापन हुआ है।

कांग्रेस ने यात्रा के पहले चरण की सफलता के बाद दूसरे चरण की तैयारी शुरू कर दी है। सूत्रों के मुताबिक भारत जोड़ो यात्रा का दूसरा चरण दो अक्टूबर से पोरबंदर या साबरमती आश्रम से शुरू हो सकता है। यह यात्रा यूपी, मध्य प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड और पश्चिम बंगाल सहित पूर्वोत्तर के राज्यों से गुजरेगी।

इनमें से यूपी सहित कई राज्यों में पार्टी की स्थिति कमजोर है। दूसरा चरण लोकसभा चुनाव से पहले खत्म होगा। यात्रा जिन प्रदेशों से गुजरेगी, उनमें लोकसभा की आधी सीट आती हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी को इन 272 सीट में दस सीट मिली थी। इनमें से यूपी में एक, मध्यप्रदेश में एक, बिहार से एक व बंगाल से दो सीट हैं।

कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने दावा किया कि रायपुर में होने वाला पार्टी का तीन दिवसीय 85वां पूर्ण अधिवेशन भारतीय राजनीति के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। वह रविवार को अधिवेशन की तैयारियों का जायजा लेने छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंचे। अधिवेशन नवा रायपुर में राज्योत्सव स्थल पर आयोजित होगा।

वेणुगोपाल पार्टी के वरिष्ठ नेताओं-पवन बंसल और तारिक अनवर के साथ रायपुर पहुंचे। वेणुगोपाल ने रायपुर हवाई अड्डे पर मीडिया से कहा, हम यहां 24 से 26 फरवरी तक होने वाले पूर्ण अधिवेशन की तैयारियों का जायजा लेने आए हैं। यह अधिवेशन भारतीय राजनीति के लिए महत्वपूर्ण साबित होने जा रहा है। उन्होंने केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भाजपा देश में झूठ फैला रही है।

उन्होंने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के बारे में भी बात की। कहा कि यात्रा देश के सबसे बड़े राजनीतिक आंदोलनों में से एक बन गई है। भाजपा इसके खिलाफ थी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, उनके कैबिनेट सहयोगी और प्रदेश कांग्रेस प्रमुख मोहन मरकाम ने हवाई अड्डे पर वेणुगोपाल, बंसल और अनवर का स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने उस स्थल का दौरा किया, जहां कांग्रेस का पूर्ण अधिवेशन आयोजित किया जाएगा। देश भर के वरिष्ठ कांग्रेस नेता पार्टी के तीन दिवसीय अधिवेशन में भाग लेंगे।

Related Articles

Back to top button