पंजाबराज्य

650वें प्रकाश पर्व पर पंजाब सरकार का बड़ा अभियान, CM भगवंत मान ने 50 डॉक्यूमेंट्री वैनों को दिखाई हरी झंडी, गांव-गांव पहुंचेगा गुरु रविदास जी का संदेश

संगरूर: श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को ऐतिहासिक और श्रद्धापूर्वक मनाने के लिए पंजाब सरकार ने बड़े स्तर पर विशेष अभियान की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मंगलवार को 50 मोबाइल डॉक्यूमेंट्री वैनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन वैनों के जरिए गुरु रविदास जी के समानता, सामाजिक न्याय, प्रभु भक्ति और विश्व बंधुत्व के संदेश को पंजाब के कोने-कोने तक पहुंचाया जाएगा।

राज्य सरकार की ओर से शुरू किए गए इस विशेष अभियान के तहत एलईडी स्क्रीन से सुसज्जित मोबाइल वैनें पंजाब के सभी 23 जिलों के करीब 13 हजार गांवों तक पहुंचेंगी। इन वैनों के माध्यम से श्री गुरु रविदास जी महाराज के जीवन, दर्शन और शिक्षाओं पर आधारित 30 मिनट की विशेष डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया जाएगा, ताकि हर वर्ग तक उनके विचारों को पहुंचाया जा सके।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह पहल गुरु रविदास जी के प्रति पंजाब की श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि उनके लिए यह गर्व का विषय है कि उन्हें श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के बाद अब श्री गुरु रविदास जी महाराज का 650वां प्रकाश पर्व मनाने का अवसर मिल रहा है।

650वें प्रकाश पर्व के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार 650वें प्रकाश पर्व के आयोजन को लेकर पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि वर्षभर चलने वाले कार्यक्रमों और आयोजनों के लिए सरकार ने 100 करोड़ रुपये का बजट आरक्षित किया है, जिससे गुरु रविदास जी की शिक्षाओं और विरासत का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जा सके।

उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी के संदेश को देश और दुनिया तक पहुंचाना समाज और सरकार की साझा जिम्मेदारी है तथा इस दिशा में हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

आज भी प्रासंगिक हैं गुरु रविदास जी की शिक्षाएं

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि श्री गुरु रविदास जी महाराज ने पूरी मानवता के कल्याण और समाज के सभी वर्गों में समानता का संदेश दिया था। उनकी शिक्षाओं ने ऐसे समाज की परिकल्पना को मजबूती दी, जहां किसी भी व्यक्ति को दुख, पीड़ा और भेदभाव का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार गुरु रविदास जी के विचारों और दर्शन से प्रेरित समाज के निर्माण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री के अनुसार, गुरु रविदास जी गरीबों, वंचितों और दबे-कुचले वर्गों के मार्गदर्शक और मसीहा थे, जिन्होंने मानवता को सच्चाई और नेक रास्ते पर चलने की प्रेरणा दी।

हर गांव में दिखाई जाएगी 30 मिनट की विशेष डॉक्यूमेंट्री

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस अभियान के तहत रवाना की गई 50 मोबाइल डॉक्यूमेंट्री वैनें गांव-गांव जाकर लोगों को गुरु रविदास जी के जीवन और विचारों से परिचित कराएंगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वैन में 12 फुट गुणा 8 फुट आकार की बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई है, जिस पर 30 मिनट की विशेष डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि यह डॉक्यूमेंट्री संक्षिप्त होने के साथ-साथ प्रभावशाली और संदेशप्रधान है, जो विशेष रूप से युवा पीढ़ी को गुरु रविदास जी की शिक्षाओं से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगी।

युवाओं को समानता और सद्भाव का संदेश देने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सामाजिक समानता और प्रभु भक्ति के संदेश को हर घर तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि नई पीढ़ी गुरु रविदास जी के विचारों और आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज में भाईचारे, सद्भाव और समानता की भावना को मजबूत करे।

उन्होंने कहा कि यह डॉक्यूमेंट्री गुरु रविदास जी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी, जिन्होंने अपना पूरा जीवन जात-पात, भेदभाव और सामाजिक असमानताओं जैसी कुरीतियों के खिलाफ संघर्ष करते हुए समाज को नई दिशा देने में समर्पित कर दिया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह और तरुनप्रीत सिंह सौंद भी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button