अन्तर्राष्ट्रीय

चीन के ‘सस्ते माल’ पर फिर सवाल: पाकिस्तान का JF-17 फाइटर जेट क्रैश, तकनीकी खराबी से हादसा

नई दिल्ली: पाकिस्तान वायुसेना (PAF) के लिए एक और बड़ा झटका सामने आया है। पाकिस्तान के कामरा स्थित पाकिस्तान एयरोनॉटिकल कॉम्प्लेक्स (PAC) के पास नियमित प्रशिक्षण मिशन के दौरान JF-17 थंडर फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे ने एक बार फिर चीन की मदद से बने इन लड़ाकू विमानों की विश्वसनीयता और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के मुताबिक, उड़ान के दौरान विमान में अचानक तकनीकी खराबी आ गई, जिसके बाद यह अनियंत्रित होकर जमीन पर गिर गया। हादसे के बाद घटनास्थल से काले धुएं का घना गुबार उठता देखा गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

इजेक्शन कर पायलटों ने बचाई जान

हादसे के वक्त विमान में मौजूद दोनों पायलटों ने स्थिति को भांपते हुए समय रहते इमरजेंसी इजेक्शन किया और पैराशूट की मदद से विमान से बाहर निकल गए। हालांकि, लैंडिंग के दौरान दोनों पायलटों को गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों और बचाव दल ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया।

आबादी से दूर गिरा विमान, बड़ा हादसा टला

राहत की बात यह रही कि यह विमान आबादी वाले क्षेत्र से दूर क्रैश हुआ, जिससे किसी तरह की नागरिक जनहानि नहीं हुई। अगर विमान रिहायशी इलाके में गिरता तो नुकसान काफी बड़ा हो सकता था।

JF-17 की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

यह पहली बार नहीं है जब JF-17 थंडर विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। इससे पहले भी इस फाइटर जेट के तकनीकी प्रदर्शन और इंजन गुणवत्ता को लेकर कई बार सवाल उठते रहे हैं। इस ताजा हादसे ने एक बार फिर चीन द्वारा विकसित रक्षा उपकरणों की भरोसेमंदता पर बहस छेड़ दी है।

विशेषज्ञों का मानना है कि लगातार हो रहे ऐसे हादसे पाकिस्तान की वायुसेना की परिचालन क्षमता और तकनीकी तैयारी पर भी सवाल खड़े करते हैं।

Related Articles

Back to top button