उत्तराखंड

उत्तराखंड में बारिश का तांडव: 140 से ज्यादा सड़कें बंद, चारधाम यात्रा पर ब्रेक; अगले 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट

देहरादून: उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और भूस्खलन ने जनजीवन को गंभीर रूप से प्रभावित कर दिया है। राज्य में तीन राष्ट्रीय राजमार्ग सहित 140 से अधिक सड़कें बंद हो गई हैं। बिगड़ते हालात और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने चारधाम यात्रा को 28 और 29 जुलाई के लिए स्थगित कर दिया है। मौसम विभाग ने 29 और 30 जुलाई को भी प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

सोमवार देर रात से शुरू हुई तेज बारिश का असर मंगलवार सुबह तक पूरे राज्य में दिखाई दिया। कई इलाकों में भूस्खलन होने से सड़क संपर्क बाधित हो गया, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में यातायात प्रभावित रहा। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और राहत कार्य जारी हैं।

देहरादून और मसूरी में बारिश से बढ़ी मुश्किलें

देहरादून के नंदा की चौकी क्षेत्र में तेज बहाव के कारण पुल की एप्रोच रोड बह गई। हालांकि प्रशासन ने क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत कर शाम तक यातायात बहाल करा दिया। वहीं, मसूरी में पहाड़ी से भारी मलबा गिरने के कारण एक रेस्तरां पूरी तरह ध्वस्त हो गया।

मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को किया अलर्ट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में वर्षा और आपदा की स्थिति को देखते हुए सभी विभागों को चौबीसों घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आपदा प्रबंधन सचिव से हालात की जानकारी लेकर राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी तरह की देरी नहीं होने देने को कहा।

मुख्यमंत्री ने हेली सेवाओं को भी पूरी तरह तैयार रखने के निर्देश दिए हैं ताकि दुर्गम क्षेत्रों में आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत पहुंचाई जा सके। साथ ही जेसीबी और पोकलेन मशीनों की मदद से बाधित सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द खोलने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारियों और वरिष्ठ अधिकारियों को भी स्वयं मौके पर पहुंचकर निगरानी करने को कहा गया है।

अगले दो दिन भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और सक्रिय मानसूनी तंत्र के प्रभाव से अगले दो दिनों तक प्रदेश में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना बनी हुई है। पिछले 24 घंटों में देहरादून जिले में 95.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। मालदेवता में 233 मिमी, हाथीबड़कला में 194.5 मिमी, देहरादून शहर में 107 मिमी, मोहकमपुर में 97.5 मिमी और रायवाला में 63.5 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। लगातार बारिश के चलते देहरादून का अधिकतम तापमान भी करीब चार डिग्री सेल्सियस गिरकर 27.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।

केदारनाथ और यमुनोत्री मार्ग पर असर

लगातार बारिश के कारण केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई स्थानों पर बोल्डर और मलबा आने से यातायात प्रभावित रहा। यमुनोत्री पैदल मार्ग पर राम मंदिर के पास नदी का जलस्तर बढ़ने से लगभग 25 से 30 मीटर लंबा रास्ता दो से ढाई मीटर तक धंस गया है। प्रतिकूल मौसम को देखते हुए यमुनोत्री यात्रा फिलहाल रोक दी गई है और वैकल्पिक पैदल मार्ग तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

रुद्रप्रयाग जिले में तिलवाड़ा-सुमाड़ी पुल के नीचे लकड़ी इकट्ठा करने गई तीन महिलाएं नदी का जलस्तर बढ़ने से फंस गई थीं, जिन्हें बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला।

बदरीनाथ हाईवे भी बारिश से प्रभावित

चमोली जिले में बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग कंचन नाला के उफान पर आने से लगातार दूसरे दिन भी बाधित रहा। जिला प्रशासन के अनुसार मार्ग को जल्द सुचारु करने का प्रयास जारी है। जिले में बारिश के चलते 21 संपर्क मार्ग भी अवरुद्ध हो गए हैं। प्रशासन ने भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए चारधाम यात्रा दो दिनों के लिए स्थगित रखने का निर्णय लिया है।

Related Articles

Back to top button