राजस्थानराज्य

स्मार्ट सिटी परियोजना में राजस्थान को परफाॅर्मेंस स्टेट अवाॅर्ड, उदयपुर स्मार्ट सिटी को मिले तीन अवाॅर्ड

जयपुर: स्मार्ट सिटी परियोजना में परफाॅर्मेंस स्टेट अवाॅर्ड श्रेणी में राजस्थान देश में तीसरे स्थान पर रहा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इन्दौर में इण्डिया स्मार्ट सिटी काॅन्क्लेव-2023 में शासन सचिव, स्वायत्त शासन विभाग कैलाश चन्द मीणा को अवाॅर्ड प्रदान किया। इस अवसर पर उनके साथ मुख्य कार्यकारी अधिकारी जयपुर स्मार्ट सिटी राजेन्द्र सिंह शेखावत भी उपस्थित थे।

इन्दौर में आयोजित इण्डिया स्मार्ट सिटी काॅन्क्लेव 2023 में मध्यप्रदेश के महामहिम राज्यपाल मंगूभाई पटेल, केन्द्रीय शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं उनके मंत्रिमंडल के सदस्य, सांसद एवं महापौर उपस्थित थे। इण्डिया स्मार्ट सिटी अवाॅर्ड प्रतियोगिता में उदयपुर स्मार्ट सिटी को नाॅर्थ जोन कैटेगरी में प्रथम अवाॅर्ड एवं मोबाईल ऐप्लीकेशन अवाॅर्ड तथा उदयपुर स्मार्ट सिटी के लिए बेस्ट पार्टनर अवाॅर्ड एल एण्ड टी को प्रदान किया गया।

यह अवाॅर्ड उदयपुर स्मार्ट सिटी मुख्य कार्यकारी अधिकारी अर्पणा गुप्ता, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी कृष्ण पाल सिंह चौहान, एल एण्ड टी के उपाध्यक्ष श्रीधरन, महाप्रबंधक हनमुंगम ने प्राप्त किया। इण्डिया स्मार्ट सिटी अवाॅर्ड प्रतियोगिता की राज्य श्रेणी में मध्यप्रदेश ने प्रथम स्थान, तमिलनाडू ने दूसरा स्थान तथा राजस्थान और उत्तर प्रदेश ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया है। प्रतियोगिता की पाॅच श्रेणियों के तहत कुल 845 आवेदन प्राप्त हुए, उनमें से 66 फाइनल में पहुॅचे, 35 अवाॅर्ड प्रोजेक्ट में, 6 अवाॅर्ड इनोवेशन में, 13 अवाॅर्ड नेशनल/जोनल सिटी में, 5 अवाॅर्ड स्टेट/यूटी में और 7 अवाॅर्ड पार्टनर श्रेणी में दिए गए।

इंदौर में 2 दिवसीय इण्डिया स्मार्ट सिटी काॅन्क्लेव 2023 में यह अवाॅर्ड दिया गया है। इस आयोजन में देश की 100 स्मार्ट शहरों ने भाग लिया। इस अवसर पर स्मार्ट सिटी मिशन राजस्थान द्वारा विभिन्न नवाचारों, स्वच्छता, विरासत संरक्षण एवं आधुनिक सुविधाओं के क्षेत्र में किये गये कार्यो का प्रदर्शन किया गया।

Related Articles

Back to top button